गर्म जल स्रोत वाले बलरामपुर जिले के तातापानी में तीन दिवसीय तातापानी महोत्सव शुरू हो गया। सीएम विष्णुदेव साय ने महोत्सव का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि यह भव्य महोत्सव हमारी समृद्ध संस्कृति, परंपरा, स्थानीय लोककला का संदेश देता है। इस दौरान सीएम ने पतंग उड़ाई व चाक पर सुराई तैयार कर शिल्पकारों का हौसला बढ़ाया। सीएम ने कहा कि कांग्रेस सरकार में हुए शराब व कोयला घोटाला, पीएसी में गड़बड़ी की जांच चल रही है। घोटालेबाजों को सरकार बख्शेगी नहीं। सीएम ने 177.24 करोड़ रुपए के 198 विकास कार्यों का लोकार्पण व भूमिपूजन किया। गर्म पानी के कुंड और सांस्कृतिक धरोहर से समृद्ध तातापानी में संक्रांति पर 14 से 16 जनवरी तक मेले का आयोजन किया जा रहा है। तीन दिन के उत्सव में सरगुजा समेत झारखंड और उत्तरप्रदेश से बड़ी संख्या में लोग शामिल होंगे। तातापानी महोत्सव में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति के साथ देश के विभिन्न राज्यों के कलाकार भी शिरकत करेंगे। महोत्सव के पहले दिन छत्तीसगढ़ की प्रख्यात गायिका गरिमा दिवाकर ने अपने सुरों का जादू बिखेरा। वहीं, स्कूली छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर प्रस्तुति दी। जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों ने किया सीएम का स्वागत
सीएम विष्णुदेव साय के तातापानी फॉरेस्ट रेस्ट हाउस हेलीपेड पर पहुंचने पर जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने स्वागत किया। सीएम साय के साथ कृषि मंत्री रामविचार नेताम, लुण्ड्रा विधायक प्रबोध मिंज कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे। इस दौरान अंबिकापुर विधायक राजेश अग्रवाल, सामरी विधायक उद्देश्वरी पैकरा, शकुंतला सिंह पोर्ते, वरिष्ठ नेता रामसेवक पैकरा, भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश जायसवाल, पूर्व सांसद कमलभान सिंह मराबी, आईजी सरगुजा अंकित गर्ग, कलेक्टर राजेंद्र कटारा, एसपी बैंकर वैभव रमनलाल, जिला पंचायत सीईओ रेना जमील आदि मौजूद रहे। तिलकुट और तिल के लड्डू का स्वाद लिया
सीएम साय ने स्वामी आत्मानंद स्कूल व गुरुकुलम के बच्चों के साथ चकरी व मांझा थाम कर पतंगबाजी की। सीएम ने कृषि मंत्री रामविचार नेताम व अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ मंदिर में चारपाई पर बैठकर तिलकुट और तिल के लड्डू का स्वाद भी चखा। इसके बाद उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए विकास कार्यों की प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया। कार्यक्रम के दौरान चाक पर सुराही का निर्माण कर सीएम ने शिल्पकारों का उत्साह बढ़ाया। 29.39 करोड़ के कार्य होंगे
सीएम ने 43 करोड़ 14 लाख 78 हजार रुपए के 58 विकास कार्यों का लोकार्पण व 134 करोड़ 9 लाख रुपए के 140 कार्यों का भूमिपूजन व शिलान्यास किया। इसमें लोक निर्माण विभाग के 29 करोड़ 39 लाख 63 हजार रुपए के 4 विकास कार्य शामिल हैं।


