दिन में रैकी, रात में ताले तोड़ चोरी, हिस्ट्रीशीटर समेत दो गिरफ्तार

भास्कर न्यूज | प्रतापगढ़ शहर में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। कोतवाली थाना पुलिस ने एक हिस्ट्रीशीटर और उसके साथी को गिरफ्तार कर चोरी के कई मामलों का खुलासा किया है। ये दोनों आरोपी दिन में मकानों की रैकी कर रात में ताले तोड़कर वारदात को अंजाम देते थे। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गोविंद मीणा (निवासी मकनपुरा) और लखन मीणा (निवासी तालाब खेड़ा) के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी किए गए लैपटॉप, टैबलेट, घड़ियां, चांदी के सिक्के, नकदी और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। शहर कोतवाल दीपक कुमार बंजारा ने बताया कि 7 नवंबर 2024 को गौतम नगर निवासी अब्बाज बोहरा ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके घर का ताला तोड़कर चोर दो लैपटॉप, टैबलेट और घर के बाहर खड़ी मोटरसाइकिल चोरी कर ले गए। इसके बाद 11 दिसंबर को सुंदर सूरज नगर निवासी कुतबुद्दीन बोहरा के घर से भी चोरों ने लैपटॉप, घड़ियां, चांदी के सिक्के और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाले। फुटेज में दो व्यक्ति रात के समय सिर पर गमछा बांधकर संदिग्ध रूप से घूमते नजर आए। गुप्त सूचना के आधार पर इनकी पहचान गोविंद और लखन मीणा के रूप में हुई। पुलिस ने जब दोनों आरोपियों को डिटेन किया और उनसे मनोवैज्ञानिक तरीके से पूछताछ की गई तो उन्होंने चोरी की वारदातों को कबूल कर लिया। आरोपी दिन में रैकी करके यह सुनिश्चित करते थे कि कौन-सा मकान खाली है। रात में वे ताले तोड़ने के औजार लेकर चोरी के लिए निकलते थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *