हाईकोर्ट के आदेश पर नगर निगम आैर ट्रैफिक पुलिस रोजाना अतिक्रमण हटा रहे हैं। सड़क किनारे से फुटपाथ दुकानदारों को हटाया जा रहा है। गुरुवार को भी निगम की टीम ने जेल रोड से करमटोली चौक तक अभियान चलाकर 12 से अधिक अस्थाई झोपड़ी-दुकानों को ध्वस्त कर दिया। लोकल हेलमेट बेचने के लिए बनाए गए सीढ़ीनुमा संरचना को कटर से काटकर जब्त किया गया। 20 से अधिक फुटपाथ दुकानदारों को खदेड़ दिया गया। दूसरी ओर मेन रोड में लगातार अतिक्रमण हटाने के बावजूद स्थिति जस की तस हो गई है। कचहरी चौक से शहीद चौक होते हुए सर्जना चौक तक नो वेडिंग जोन है। क्योंकि, इस जोन में जितने भी फुटपाथ दुकानें लगती थी, उसे वेंडर मार्केट में जगह दे दी गई है। दुकान लेने के बावजूद करीब 100 फुटपाथ दुकानदारों ने दुबारा सड़क-नाली पर कब्जा कर लिया है। इधर, दिन में अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाया जा रहा है। शाम होते ही फुटपाथ पर फिर दुकानें सज रही हैं। सर्जना चौक से हनुमान मंदिर तक 50 से अधिक फुटपाथ दुकानदार सर्जना चौक से संकट मोचन हनुमान मंदिर तक की स्थिति तो सबसे अधिक भयावह है। यहां पर 50 से अधिक फुटपाथ दुकानदार ठेला पर कपड़ा सहित अन्य सामान बेचते हैं। वे सड़क से सटा कर ठेला लगा रहे हैं, लेकिन खरीदार अपने वाहन लगाकर करीब 10 फीट तक सड़क पर कब्जा कर रहे हैं। इसका खामियाजा वाहन सवारों को भुगतना पड़ रहा है। गुरुवार को भी डेली मार्केट से लेकर अल्बर्ट एक्का चौक होते हुए शहीद चौक तक जाम लगा रहा। दोपहर एक बजे से शाम चार बजे तक दर्जनों स्कूल बस जाम में फंसी। यहां तैनात ट्रैफिक पुलिस भी पूरी तरह लाचार दिखी। इस संबंध में निगम प्रशासक संदीप कुमार सिंह ने बताया कि किसी भी रूट में सड़क-नाली का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। विजिलेंस टीम को रोजाना कार्रवाई का निर्देश दिया गया है।


