भास्कर न्यूज | लुधियाना पंजाबी सिंगर दिलजीत दोसांझ का लुधियाना में आगामी दिनों में बड़ा कार्यक्रम आयोजित होने जा रहा है। इस कार्यक्रम के लिए तैयारियां पीएयू में चल रही हैं, और गुरु नानक स्टेडियम के मल्टी पर्पज मैदान पर टिकटों का वितरण किया जाएगा। हालांकि, कार्यक्रम की तैयारियों के लिए मैदान को कवर कर दिया गया है, जिससे खिलाड़ियों की नियमित प्रैक्टिस प्रभावित हुई है। पिछले 2 दिनों से खिलाड़ी अपने अभ्यास के लिए इस मैदान का उपयोग नहीं कर पा रहे हैं। इस कार्यक्रम की तैयारियों में जुटे अधिकारियों का कहना है कि प्रशासन के निर्देशों के बाद टिकटों के वितरण के लिए मैदान का कवर किया गया है। जानकारी के मुताबिक सोमवार तक यहां टिकटों का वितरण किया जाएगा। जिला खेल अधिकारी कुलदीप चुघ ने बताया कि प्रशासन के निर्देशों पर मैदान को कवर किया, लेकिन इससे खिलाड़ियों की प्रैक्टिस पर काफी असर पड़ा है और गाड़ी की लगातार आवाजाई के कारण खिलाड़ी भी बिना प्रैक्टिस के बाहर जा रहे है। इसके अलावा कई खिलाड़ियों की प्रैक्टिस भी अन्य जगह पर की जा रही है। गुरु नानक स्टेडियम का मल्टी पर्पज मैदान रोजाना वॉलीबाल के खिलाड़ियों द्वारा उपयोग किया जाता है, जबकि जूडो और जिमनास्टिक के खिलाड़ी यहां वार्मअप करते हैं। लेकिन अब, इस मैदान को कवर कर दिया है और खिलाड़ियों को इसके कारण अपनी प्रैक्टिस के लिए अन्य स्थानों पर जाना पड़ रहा है। खिलाड़ियों का कहना है कि प्रशासन को कार्यक्रम के लिए मैदान का इस्तेमाल करने से पहले खेलकूद की गतिविधियों को प्राथमिकता देनी चाहिए थी। इसके कारण उनका नियमित अभ्यास प्रभावित हुआ है। कई खिलाड़ी अपनी प्रैक्टिस के लिए अन्य स्थानों पर जा रहे हैं। खिलाड़ियों ने यह भी कहा है कि भविष्य में ऐसी स्थिति से बचने के लिए उचित व्यवस्था की जाए ताकि अभ्यास के लिए उन्हें दिक्कतों का सामना न करना पड़े।


