दिलजीत दोसांझ के शो के कारण होटलों के दामों में चार गुना वृद्धि

भास्कर न्यूज |लुधियाना जैसे-जैसे 31 दिसंबर नजदीक आ रहा है, लुधियाना में होटल उद्योग में हलचल बढ़ गई है। बॉलीवुड और पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ के शो के लिए देश-विदेश से उनके फैंस शहर के होटलों के कमरे बुक करवा रहे हैं, जिसके कारण होटलों के दाम चार गुना तक बढ़ गए हैं। फिरोजपुर रोड के होटल मालिक सागर ने बताया कि उनके होटल में 30 कमरे हैं, जो पहले ही पूरी तरह से बुक हो चुके हैं। सागर ने कहा कि सभी फाइव स्टार और थ्री स्टार होटलों ने अपने कमरे के दाम चार गुना बढ़ा दिए हैं। जो कमरे पहले 4 से 5 हजार रुपये में मिलते थे, अब 31 दिसंबर को वही कमरे 20 से 25 हजार रुपये में उपलब्ध हो रहे हैं। यह दाम बढ़ोतरी दिलजीत दोसांझ के शो के कारण हो रही है, जिनके फैंस बिना किसी कीमत की परवाह किए होटल में बुकिंग करवा रहे हैं। दिलजीत नाइट के पासों की कीमतों में भी भारी उछाल देखने को मिल रहा है। सिल्वर पास, जो पहले 4 हजार रुपये का था, अब 10 हजार रुपये में बिक रहा है, वहीं गोल्ड पास 20 हजार रुपये और टॉप पास 30 हजार रुपये में बेचे जा रहे हैं। पास विक्रेता इस समय जबरदस्त मुनाफा कमा रहे हैं, जबकि फैंस के लिए यह कीमतें काफी बढ़ चुकी हैं। होटल उद्योग और पास विक्रेता की चांदी: इस समय लुधियाना के होटल इंडस्ट्री और पास विक्रेता दोनों की चांदी हो गई है। जैसे-जैसे 31 दिसंबर की रात पास आ रही है, इनकी बिक्री में और तेजी आ रही है। शहर के सभी होटलों में ऑनलाइन और ऑफलाइन, कोई भी कमरा उपलब्ध नहीं है, और पास की बुकिंग भी तेजी से बढ़ रही है। होटल एसोसिएशन के प्रधान अमरवीर सिंह ने बताया की ऐसा पहली बार देखने को मिला है कि फिरोजपुर रोड के सभी होटल बुक हो गए है और चार गुना दामों में जिस वजह से होटल इंडस्ट्री में तेजी आ गई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *