दिलजीत दोसांझ प्रोग्राम में जहां अव्यवस्थाएं हावी रहीं वहीं चोरों की भी मौज रही। चोरों ने 13 महंगे मोबाइल फोन पर हाथ साफ कर दिया। जिले की अधिकांश पुलिस को निजी प्रोग्राम के लिए तैनात किया गया था जबकि शहर में हुल्लड़बाजों पर लगाम लगाने के लिए दावे हवा हवाई साबित हुए। शहर में जमकर शराब चली लेकिन पुलिस ने ड्रिंक एंड ड्राइव का एक भी चालान नहीं किया। नतीजा ये रहा 24 घंटे में 15 एक्सीडेंट दर्ज किए गए। इसमें 9 एक्सीडेंट नए साल की रात को हुए हैं जिन्हें अस्पताल में उपचार दिलाया गया है। नए साल की रात में पीएयू परिसर में आयोजित दिलजीत दोसांझ का प्रोग्राम शहरवासियों के लिए मुसीबत से भरा रहा है। पुलिस प्रशासन की लापरवाही के कारण जाम में लोग देर रात तक फंसे रहे। वहीं, चोरों ने भी पुलिस सुरक्षा के बीच मोबाइल चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने कंसर्ट परिसर में मौजूद एक दर्जन से अधिक लोगों के महंगे फोन चुरा लिए। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद लोगों को फोन चोरी होने की जानकारी मिली। वहीं, जाम भी लोगों की मुसीबत बना। जाम में फंसे 30 लोगों ने कंट्रोल रूम में इसे लेकर शिकायत की। इधर, शो के पहले खरीदे ज्यादा टिकट, फिर ड्रॉप किए रेट दिलजीत शो की घोषणा के बाद टिकट 15 मिनट में बिकने का दावा किया था। आरोप लगे थे कि टिकट महंगे दामों में ब्लैक किए जा रहे हैं। कुछ लोगों ने शो के टिकट अधिक खरीद लिए जो उनके लिए मुसीबत बन गए। शो के नजदीक आते ही टिकट स्टॉक करने वाले लोगों को खरीदार नहीं मिले जिसके चलते शो में भीड़ न होने की आशंका बनी थी। बाद में शो वाले दिन ब्लैक में बिक रहे टिकट के दाम धड़ाम से गिर गए। सोशल मीडिया में विभिन्न लिंक में टिकट खरीदने के लिए मैसेज अपलोड किए गए थे जबकि आयोजन स्थल के बाहर भी टिकट बेचे जा रहे थे।


