लुधियाना| पंचायत भवन के कमरे पर ताला लगाने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने पीड़ित के घर में घुसकर हमला कर दिया। घटना थाना डेहलों के तहत गांव गोपालपुर में हुई। पीड़ित बलजिंदर सिंह ने पुलिस को शिकायत दी है कि आरोपी व्यक्ति मनदीप सिंह, पंचायत का सदस्य नहीं होने के बावजूद पंचायत के कामों में हस्तक्षेप करता था। बलजिंदर सिंह ने बताया कि पंचायत भवन के कमरे को ताला लगाने की वजह से मनदीप सिंह ने उस ताले को तोड़कर अपना नया ताला लगा दिया था। ताले की चाबी सिर्फ एक होने के कारण बलजिंदर ने उस ताले को हटाने की बात की, लेकिन इस पर मनदीप सिंह ने विरोध किया। इसके बाद दोनों के बीच बहस शुरू हो गई। इसी दौरान मनदीप सिंह अपने साथियों गुरमुख सिंह, जगजीत सिंह, चरणवीर सिंह, कुलजिंदर सिंह और पवनजीत सिंह के साथ बलजिंदर सिंह के घर में घुस आया और हमला कर दिया। आरोप है कि आरोपी पक्ष ने बलजिंदर सिंह और उसके परिवार को पीटा, लेकिन गांव के अन्य लोगों ने बीच-बचाव कर उन्हें बचा लिया। घटना के बाद पीड़ित ने थाना डेहलों में शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने आरोपी मनदीप सिंह सहित पांच अन्य लोगों पर पर्चा दर्ज कर लिया है।


