लुधियाना। नए साल की रात में मारपीट के 41 मामले सामने आए हैं। कंट्रोल रूम में मारपीट से जुड़े 41 लोगों ने शिकायत कर कार्रवाई की मांग की। दिलजीत के प्रोग्राम में 3500 पुलिसकर्मी तैनात किए गए थे जिसके चलते थानों में पुलिस फोर्स की कमी थी। आरोप है कि इस कारण पुलिस झगड़ों की शिकायत पर घटनास्थल पर समय से नहीं पहुंच सकी। लोगों ने कंट्रोल रूम में फोन कर आपबीती बताई। लोगों ने पड़ोसी से विवाद, पुरानी रंजिश में हमला करना, बीवी से झगड़ा आदि को लेकर शिकायत की। वहीं नए साल पर साउंड पॉल्यूशन को लेकर भी कंट्रोल रूम में 8 शिकायतें पहुंची। देर रात फिरोजपुर रोड समेत अन्य स्थानों पर डीजे बजते रहे जिसे लेकर शिकायत की गईं। गौर हो कि 14 दिसंबर को चंडीगढ़ में हुए दिलजीत दोसांझ के कंसर्ट में साउंड पॉल्यूशन हुआ था। शोर का स्तर 75 डेसिबल से अधिक था। चंडीगढ़ प्रशासन ने तीन अलग-अलग जगहों पर साउंड पॉल्यूशन की जांच की थी। साउंड पॉल्यूशन की 8 शिकायतें दर्ज जगराओं फ्लाईओवर पर 31दिसंबर की रात को कार अनियंत्रित होकर पलट गई। प्रत्यक्षदर्शी साहिल ने बताया कि वह सड़क किनारे मोबाइल फोन चला रहे थे। इसी दौरान अचानक से एक तेज रफ्तार कार उनकी तरफ आ गई। वह किसी तरह से बच गया लेकिन कार सड़क किनारे पिलर से टकरा गई। इस कार में चार युवक मौजूद थे। लोग उनकी मदद को पहुंचे तो युवक फंसे हुए थे। किसी तरह युवकों को कार से बाहर निकाला गया और पुलिस को सूचना दी। हादसे में कार क्षतिग्रस्त हो गई है।


