दिल्ली के बाद राजधानी में हवा प्रदूषित, 4 इलाकों में एक्यूआई लेवल 150 के पार, ध्वनि प्रदूषण की भी अब रियल टाइम मॉनिटरिंग होगी

मौसम में बदलाव के साथ ही दिल्ली की तर्ज पर राजधानी जयपुर की हवा में भी प्रदूषण का स्तर बढ़ गया है। रियल-टाइम डेटा मॉनिटरिंग के अनुसार बीते 24 घंटे में शहर के 6 में से 4 इलाकों में एयर क्वालिटी इंडेक्स 150 के पार पहुंच गया। इन इलाकों में पीएम-2.5 और पीएम-10 की मात्रा अधिक दर्ज की गई। आदर्श नगर, शास्त्रीनगर, मानसरोवर, रीको सीतापुरा, मुरलीपुरा और पुलिस कमिश्नरेट क्षेत्र में से मानसरोवर और शास्त्रीनगर में प्रदूषण सबसे ज्यादा रहा। मानसरोवर में एक्यूआई 191 और शास्त्रीनगर में 185 दर्ज किया गया। स्टेट पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड अब जयपुर, जोधपुर और कोटा में वायु प्रदूषण की तर्ज पर ध्वनि प्रदूषण की भी रियल-टाइम मॉनिटरिंग करेगा। इसके लिए तीनों शहरों में 12 स्थानों पर रियल-टाइम एंबिएंट नॉइज मॉनिटरिंग स्टेशन स्थापित किए जाएंगे। करीब 5 करोड़ रुपए की लागत से लगाए जाने वाले इन स्टेशनों के लिए टेंडर जारी कर दिया गया है। स्टेशन पर लगे सेंसर नेटवर्क प्रति सेकंड डेटा एकत्र कर पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड के सर्वर पर भेजेंगे। ये स्टेशन शांत क्षेत्र, औद्योगिक क्षेत्र, अस्पताल और रिहायशी इलाकों में लगाए जाएंगे। अप्रैल तक सभी स्टेशन स्थापित किए जाने की योजना है। विक्षोभ का असर खत्म ठंडी हवा मैदानी इलाकों में बढ़ेंगी उत्तरी भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण जयपुर सहित कई शहरों में रात के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। हालांकि अगले 24 घंटे में पश्चिमी विक्षोभ का असर खत्म होने के बाद उत्तरी ठंडी हवाएं मैदानी इलाकों की ओर बढ़ेंगी। इसके असर से जयपुर सहित कई शहरों में तापमान 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरने की संभावना है। दिसंबर के अंतिम सप्ताह में कड़ाके की सर्दी पड़ सकती है। बीते 24 घंटे में जयपुर में अधिकतम तापमान 27.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 14.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *