दिल्ली के मुद्दे से पंजाब में सियासी उबाल:आतिशी के VIDEO-पंथक मुद्दों पर घिरी सरकार; CM बोले-सूबे में BJP धर्म-नफरत की राजनीति पर उतरी

दिल्ली विधानसभा से उठा AAP नेता आतिशी का विवाद पंजाब की सड़कों पर पहुंच गया है। शनिवार को पंजाब में इस पर सियासी घमासान देखने को मिला। आप नेताओं ने सूबे के लगभग सभी जिलों में भाजपा, कांग्रेस और अकाली दल के खिलाफ प्रदर्शन किए। जालंधर कैंट में तो तू-तू मैं-मैं से मामला हाथापाई तक पहुंच गया। इसके उलट भाजपा, अकाली दल और कांग्रेस ने भी चुनावी साल से पहले आप को सोशल मीडिया और सड़कों पर आमने-सामने आकर घेरा। इस दौरान पंथक वोट बैंक और सिख गुरुओं के अपमान मुद्दे को भुनाने की पूरी कोशिश की गई। पंजाब भाजपा की तरफ से दिल्ली में AAP की सीएम रहीं और मौजूद विधायक आतिशी पर विधानसभा में सिख गुरुओं के अपमान का आरोप लगाया गया। बाकायदा इसका वीडियो सूबा प्रधान सुनील जाखड़ और सूबा उपप्रधान अश्विनी शर्मा ने जारी किया। शुक्रवार देर शाम जालंधर पुलिस ने इकबाल नामक व्यक्ति की शिकायत पर दिल्ली भाजपा के कानून एवं श्रम मंत्री कपिल मिश्रा पर वीडियो में छेड़छाड़ के आरोप लगाए और FIR दर्ज कर ली। इसके जवाब में दिल्ली विधानसभा स्पीकर ने पंजाब DGP गौरव यादव और जालंधर की पुलिस कमिश्नर धन प्रीत कौर को नोटिस देकर 15 दिन में स्पष्टीकरण देने को कह दिया। इसके बाद पूरा दिन पंजाब में हाइवोल्टेज राजनीतिक ड्रामा चलता रहा। इसमें CM मान ने कहा कि दिल्ली की पूर्व सीएम की वीडियो पर आपत्तिजनक टाइटल लगाकर BJP ने पंजाब में धर्म-नफरत की राजनीति शुरू कर दी है। जानें कैसे पंथ, पंथक और अकाल तख्त मुद्दे पर घिरती गई आप अब पढ़िए किस नेता ने क्या कहा…. CM मान बोले-धर्म और नफरत की राजनीति कर रही भाजपा
पंजाब के सीएम भगवंत मान ने कहा कि भाजपा धर्म और नफरत की राजनीति कर रही है। दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी की वीडियो पर भड़काऊ सब-टाइटल लगाकर घिनौनी हरकत की गई। धर्म के नाम पर भड़काने और लोगों में नफरत व विभाजन की भाजपा की कोशिशें हम बर्दाश्त नहीं करेंगे। ऐसी हरकतों से भाजपा कभी भी पंजाबियों के भाइचारे को कमजोर नहीं कर सकती। रमिंदर बोले- सत्ता में आने पर हम भी ऐसे ही गड़बड़ करवाएंगे
पंजाब में बढ़ रहे धार्मिक विवाद और आम आदमी पार्टी पर कांग्रेस नेता रमिंदर आवला ने विवादित बयान दिया है। आवला ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि अब थोड़ा ही समय बचा है। आम आदमी पार्टी की सरकार जाने वाली है। चमड़े की जूती तैयार है। जैसे इन लोगों ने गड़बड़ की, हम भी करेंगे। इन लोगों ने हमें भी सिखा दिया है कि चुनाव कैसे जीतना है। अकाली दल ने संगरूर में आतिशी का फूंका पुतला
अकाली दल के नेताओं ने संगरूर में आतिशी का पुतला फूंका। अकाली वर्करों ने कहा कि जब से पंजाब में आम आदमी पार्टी आई है, धर्म के नाम पर बांटा जा रहा है। ये लोग सियासत पर काबिज होने के लिए कुछ भी कर सकते हैं। अगर आतिशी पंजाब आएंगी तो उसे बताएंगे कि गुरुओं के खिलाफ बयान कैसे दिया जाता है। शिअद ने पूछा-दिल्ली का अधिकार क्षेत्र जालंधर कैसे
शिअद प्रवक्ता एडवोकेट अर्शदीप सिंह क्लेर ने एक्स पर वीडियो जारी कर पूछा कि आम आदमी पार्टी बताए कि दिल्ली विधानसभा में आतिशी द्वारा दिए गए बयान का अधिकार क्षेत्र जालंधर पुलिस के अंतर्गत कैसे आता है। पंजाब में कानून- व्यवस्था को लेकर पहले से स्थिति खराब है। अब पंजाब पुलिस संविधान के मूल सिद्धांतों को नजरअंदाज करके काम करती हुई नजर आ रही है। धालीवाल बोले-भाजपा गुरुओं का राजनीतिकरण कर रही
आप नेता कुलदीप सिंह धालीवाल ने कहा कि आतिशी का फेक वीडियो बनाकर भाजपा हमारे गुरुओं का राजनीतिकरण कर रही है। हमने वीडियो की जांच करवाई। ये फेक निकला। इसके बाद कपिल मिश्रा के खिलाफ FIR दर्ज कर ली गई है। पूरी भाजपा, प्रधानमंत्री और अमित शाह को इसके लिए देश से माफी मांगनी चाहिए। राहुल गांधी और सुखबीर बादल भी माफी मांगें। आप AI से धर्म स्थलों का मजाक बना रही
शिअद ने आम आदमी पार्टी के IT सेल की एक फोटो जारी कर लिखा कि ये देखिए घटिया करतूत। अब श्री दरबार साहिब की बेअदबी की जा रही है। दिल्ली से चलने वाली यह पार्टी आए दिन हमारे गुरु साहिबान और हमारे धार्मिक स्थानों का मजाक बना रही है। कोई भी गुरु का सिख श्री दरबार साहिब की ऐसी कार्टून फोटो बनाकर निरादर नहीं कर सकता। यह मनीष सिसोदिया जैसे साम-दाम-दंड-भेद की नीति पर चलने वाले नेताओं द्वारा किया जा रहा है। आप अब 2027 पास आता देख बौखला गई है। सिसोदिया ने कहा-फोरेंसिक जांच से सच सामने आया
पंजाब AAP के इंचार्ज मनीष सिसोदिया ने कहा कि फोरेंसिक रिपोर्ट ने सच सामने रख दिया कि आतिशी पर लगाया गया आरोप 100 प्रतिशत फर्जी था। बीजेपी के सीनियर नेताओं और उनके मौसेरे भाइयों ने वीडियो से छेड़छाड़ कर इसे फैलाया है। मोदी जी, अगर गुरुओं का जरा भी सम्मान है, तो गुरुओं का नाम तुच्छ राजनीति में घसीटने वाले इस फेक न्यूज गैंग पर कार्रवाई कीजिए। ——————- ये खबर भी पढ़ें… आतिशी VIDEO विवाद, CM मान-केजरीवाल का दौरा रद्द:दिल्ली विधानसभा स्पीकर का पंजाब DGP-जालंधर CP को नोटिस, फोरेंसिक रिपोर्ट मंगाई आम आदमी पार्टी (AAP) की दिल्ली से MLA व पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी मार्लेना के विवादित वीडियो के मामले में FIR दर्ज करने पर दिल्ली विधानसभा ने सख्त तेवर दिखाए हैं। दिल्ली विधानसभा की तरफ से पंजाब के DGP, साइबर क्राइम के स्पेशल डीजीपी और जालंधर की पुलिस कमिश्नर को नोटिस जारी किया गया है। उनसे पूरे मामले को लेकर 48 घंटे में जवाब तलब किया गया है। इसके अलावा केस से जुड़े दस्तावेज और लैब की रिपोर्ट भी मांगी गई है। (पूरी खबर पढ़ें)

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *