दिल्ली-मुंबई 8 लेन एक्सप्रेस-वे पर बढ़ेगी सुरक्षा:पत्थरबाजी वाले स्थान एक बार फिर से होंगे चिह्नित; जालियां लगाने पर विचार

दिल्ली-मुंबई 8 लेन एक्सप्रेस-वे पर तीन दिन पहले हुई पत्थरबाजी की घटना के बाद रतलाम पुलिस अलर्ट हो गई है। एसपी अमित कुमार के निर्देश पर शुक्रवार शाम एएसपी राकेश खाखा ने रावटी और शिवगढ़ थाना क्षेत्र से गुजर रहे एक्सप्रेस-वे का निरीक्षण किया। पुलिस ने पत्थरबाजी वाले संवेदनशील स्थानों का सर्वे किया है और वहां सुरक्षा के लिए जालियां लगाने पर विचार कर रही है। साथ ही थाना प्रभारियों को रात्रि गश्त बढ़ाने के सख्त निर्देश दिए गए हैं। एएसपी राकेश खाखा के साथ सैलाना एसडीओपी नीलम चौंगड़, शिवगढ़ थाना प्रभारी अनिशा जैन और रावटी थाना प्रभारी सुरेश गडरिया भी मौजूद रहे। टीम ने जिले की आखिरी सीमा तक जाकर 8 लेन का निरीक्षण किया। शिवगढ़ और रावटी थाना क्षेत्र में पत्थरबाजी वाले कुछ पुराने और संभावित स्थानों को चिह्नित किया गया। अधिकारियों ने सुरक्षा को लेकर इन स्थानों के आसपास जाली लगाने पर भी चर्चा की। झाबुआ जिले की सीमा में हुई थी घटना
बुधवार रात करीब 9.30 बजे 8 लेन पर झाबुआ जिले के थांदला क्रॉस करने के बाद पत्थरबाजी की घटना हुई थी। रतलाम के नगरा रोड पर पशु आहार की दुकान चलाने वाले सरफराज खान अपने परिवार के सदस्य का इलाज करवाकर गुजरात के वड़ोदरा से लौट रहे थे। तभी उनकी कार पर अचानक पत्थरबाजी हुई। कांच फूटा, डर के कारण कार नहीं रोकी
कार के अगले कांच पर पत्थर आकर लगा, जिससे कांच के टुकड़े-टुकड़े हो गए। गनीमत रही कि कार सवार किसी सदस्य को चोट नहीं लगी। सरफराज ने सुरक्षा के लिहाज से घटनास्थल पर कार नहीं रोकी और सीधे 8 लेन के धामनोद टोल प्लाजा पर पहुंचकर गाड़ी खड़ी की। वहां उन्होंने टोल स्टाफ को पत्थरबाजी की सूचना दी। एएसपी बोले- सुरक्षा के उपाय कर रहे
एएसपी राकेश खाखा ने बताया, ‘पत्थरबाजी की घटना वाले स्थान चिह्नित किए जा रहे हैं। 8 लेन पर लगातार गश्त की जाएगी। तीन दिन पूर्व पत्थरबाजी की घटना झाबुआ जिले के अंतर्गत हुई थी। वहां की पुलिस से भी समन्वय कर सुरक्षा के उपाय किए जा रहे हैं।’

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *