दिल्ली-रायपुर की टीम ने इंफेक्टेड जोन का किया निरीक्षण:रायगढ़ में बर्ड फ्लू को लेकर प्रशासन अलर्ट, पोल्ट्री-फार्म के 1KM के दायरे का लिया जायजा

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में सरकारी पोल्ट्री फार्म में बर्ड फ्लू की पुष्टि के बाद उसके नियंत्रण के लिए निर्धारित प्रोटोकाॅल के तहत कदम उठाए जा रहे हैं। जिसके बाद आज दिल्ली और रायपुर एम्स से टीम रायगढ़ पहुंची। यहां दिल्ली की टीम ने पोल्ट्री फार्म से 1 KM के दायरे और रायपुर एम्स के डाॅक्टरों ने अस्पतालों का जायजा लिया। बर्ड फ्लू के मामले में नियंत्रण की मॉनिटरिंग के लिए दिल्ली से केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण की टीम और एम्स से डॉक्टरों की टीम ने संक्रमण प्राप्त पोल्ट्री फार्म और आस-पास एक किमी के इंफेक्टेड जोन का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने सैनिटाइजेशन के साथ ही डोर-टू-डोर घरों में जाकर आकस्मिक जांच की। जिसके बाद टीम ने कलेक्टर कार्तिकेया गोयल के साथ बैठक कर भारत सरकार के प्रोटोकॉल्स के संबंध में अपने सुझाव दिए। दिल्ली से पहुंचे पशुपालन विभाग के ज्वाइंट कमिश्नर डॉ. एचआर खन्ना ने कहा कि रायगढ़ जिले में बर्ड फ्लू नियंत्रण के सभी प्रारंभिक कदम तेजी और प्रभावी रूप से उठाए गए। संक्रमित स्थल के मुर्गियों, चूजों, अंडों को नष्ट करना सबसे जरूरी और चुनौतीपूर्ण होता है। इसे रायगढ़ में बर्ड फ्लू की पुष्टि के अगले कुछ घंटों में कर लिया गया था। सैनिटाइज करना सबसे ज्यादा जरूरी ज्वाइंट कमिश्नर डॉ. एचआर खन्ना ने कहा कि अभी इस पोल्ट्री फार्म को सैनिटाइज करना सबसे पहली प्राथमिकता है। इसके लिए फ्लेम गन और डिसइंफेक्टेंट का उपयोग कर जल्द पोल्ट्री फार्म को सैनिटाइज किया जाए। इसके बाद कलेक्टर कार्तिकेया गोयल ने उप संचालक पशुपालन विभाग को पर्याप्त मैन पावर के साथ जल्द यह काम पूरा करने के निर्देश दिए। सर्दी-बुखार के मरीजों की निगरानी के निर्देश एम्स से पहुंची डॉक्टरों की टीम द्वारा अस्पतालों में पहुंचने वाले सर्दी-बुखार के मरीजों की निगरानी के लिए विशेष तौर पर कहा गया है। इसके साथ ही आवश्यक रोग निरोधी दवाओं के स्टॉक रखने के निर्देश भी दिए गए हैं। जिसके बाद कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से कहा कि प्राप्त निर्देशों के अनुसार सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित किया जाए। पोल्ट्री फार्म में कार्यरत सभी व्यक्तियों के क्वारंटाइन किए जाने को लेकर भी दिशा-निर्देश दिए गए। मेडिकल काॅलेज और अस्पताल का निरीक्षण रायपुर एम्स के डॉक्टरों की टीम ने जिला अस्पताल और मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने ओपीडी और आइसोलेशन वार्डों का जायजा लिया। सभी जरूरी दवाओं का स्टॉक रखने के निर्देश दिए। एम्स की टीम ने पूरे जिले के स्वास्थ्य अमले को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से बैठक लेकर बर्ड फ्लू को लेकर बरतने वाले एहतियात के बारे में जानकारी दी। ………………………………… ये खबर भी पढ़ें… रायगढ़ के सरकारी पोल्ट्री फार्म में फैला बर्ड फ्लू:12000 चूजे, 5000 मुर्गियों को मारा गया, 17 हजार अंडे नष्ट; निगरानी में 10KM एरिया छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में बर्ड फ्लू की पुष्टि हुई है। शुक्रवार रात सरकारी पोल्ट्री फार्म में बर्ड फ्लू का मामला सामने आने के बाद कलेक्टर समेत प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा। रात में ही यहां की 5 हजार मुर्गियों, 12 हजार चूजे और 17 हजार अंडों को नष्ट किया गया है। पूरी खबर पढ़े…

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *