दिवंगत जेल डीआईजी की 4.68 करोड़ की प्रॉपर्टी कुर्क:ईडी की बड़ी कार्रवाई; 12 साल पहले लोकायुक्त ने की थी छापेमारी

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) भोपाल ने आय से अधिक संपत्ति के मामले में तत्कालीन डीआईजी जेल स्व. उमेश कुमार गांधी, उनके परिवार के सदस्यों और सहयोगियों से संबंधित 4.68 करोड़ रुपए की चल-अचल संपत्ति कुर्क कर ली है। ईडी ने विशेष स्थापना पुलिस (लोकायुक्त) द्वारा दर्ज एफआईआर के आधार पर जांच शुरू की, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई। ईडी द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार, भारतीय दंड संहिता (IPC) 1860 की विभिन्न धाराओं और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम (PC एक्ट) के तहत लोकायुक्त पुलिस भोपाल ने उमेश कुमार गांधी के खिलाफ कार्रवाई की थी। गांधी पर अनुपातहीन संपत्ति का संचय करने के आरोप में जांच की गई, और लोकायुक्त पुलिस भोपाल ने इस मामले में दो आरोप पत्र दाखिल किए हैं। पहला आरोप पत्र विशेष न्यायालय में पीसी एक्ट के तहत और दूसरा प्रथम अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश भोपाल की अदालत में दायर किया गया है। इन मामलों में तत्कालीन जेल डीआईजी उमेश कुमार गांधी, अजय कुमार गांधी (तत्कालीन जेल प्रहरी, जिला जेल सीहोर), और अर्चना गांधी (उमेश कुमार गांधी की पत्नी) पर आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का आरोप है। इन पर 5.13 करोड़ रुपए की आय से अधिक संपत्ति जुटाने के मामले में यह कार्रवाई की गई है। सीहोर, सागर, कटनी, भोपाल और इंदौर की संपत्तियां कुर्क प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने आय से अधिक संपत्ति के स्रोत का पता लगाने के लिए पीएमएलए (धन शोधन निवारण अधिनियम) के तहत जांच की। जांच में सामने आया कि स्व. उमेश कुमार गांधी ने अपने नाम पर भारी मात्रा में चल-अचल संपत्ति अर्जित की थी। उनके परिवार के सदस्यों और सहयोगियों के नाम पर कुल 4.68 करोड़ रुपए की अचल संपत्ति मिली है। इसमें से 20 अचल संपत्तियों की पहचान की गई, जो मध्य प्रदेश के सागर, कटनी, सीहोर, भोपाल और इंदौर में स्थित हैं। इसके अलावा, बैंक खातों की शेष राशि, आभूषण, बीमा पॉलिसियां, म्यूचुअल फंड और किसान विकास पत्र जैसी चल संपत्तियां भी शामिल हैं। इन सभी को ईडी ने अस्थायी रूप से कुर्क कर लिया है। 12 साल पहले लोकायुक्त ने की थी छापेमारी भोपाल जेल के तत्कालीन डीआईजी उमेश कुमार गांधी के घर 12 साल पहले लोकायुक्त पुलिस ने छापा मारा था। उस समय उनके पास करीब 25 करोड़ रुपए की संपत्ति मिली थी। लोकायुक्त ने उनके दो भाइयों, अजय गांधी (सीहोर) और रामगोपाल गांधी (सागर) के घरों पर भी छापेमारी की थी। अजय गांधी के घर से लगभग 8 लाख रुपए की एफडी, 35 हजार रुपए नकद और लगभग 10 तोला सोने के आभूषण जब्त किए गए थे। उमेश गांधी का करियर और संपत्ति उमेश गांधी का 1987 में जिला जेल अधीक्षक के रूप में चयन हुआ था। 5 साल बाद पदोन्नति के बाद गांधी केंद्रीय जेल अधीक्षक बने। इस दौरान उन्होंने कई जिलों में रहे। दो साल पहले उन्हें डीआईजी जेल के पद पर नियुक्त किया गया था। उनका अंतिम वेतन लगभग 70,000 रुपए प्रति माह था। हालांकि, उनके खिलाफ मामला अभी चल रहा था कि उनकी मृत्यु हो गई।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *