दिव्यांग छात्रों के लिए ऑटो की व्यवस्था:मनेन्द्रगढ़ में ‘आम नागरिक मंच’ ने की शुरुआत

मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिला मुख्यालय मनेन्द्रगढ़ में दिव्यांग छात्रों के लिए आवागमन की सुविधा शुरू की गई है। ‘आम नागरिक मंच सेवा समिति’ ने नगर के गणमान्य नागरिकों के सहयोग से दिव्यांग विद्यालय के छात्रों के लिए ऑटो की व्यवस्था की है। यह ऑटो छात्रों को विवेकानंद महाविद्यालय और बॉयज हाईस्कूल तक आने-जाने में मदद करेगा। आमाखेरवा स्थित यह दिव्यांग विद्यालय साल 1997 से संचालित है, लेकिन पिछले 28 सालों से छात्रों के लिए आवागमन की कोई सुविधा नहीं थी। विद्यालय के प्राचार्य संतोष चढोकर ने बताया कि छात्रों को हाईस्कूल और महाविद्यालय तक आने-जाने में काफी परेशानी होती थी। उन्हें नेशनल हाईवे पर छड़ी के सहारे और एक-दूसरे का हाथ पकड़कर चलना पड़ता था, जिससे हादसे की आशंका बनी रहती थी। बरसात के मौसम में कई बार छात्र शिक्षा से वंचित रह जाते थे। उन्होंने बताया कि इस समस्या के समाधान के लिए शासन-प्रशासन से कई बार वाहन की मांग की गई थी, लेकिन उनकी मांग पूरी नहीं हो पाई थी। हरी झंडी दिखाकर वाहन को रवाना किया ‘आम नागरिक मंच’ के सदस्य अजय जायसवाल ने बताया कि छात्रों की परेशानियों को देखते हुए नगर के गणमान्य नागरिकों के सहयोग से यह व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि जब तक शहर के लोगों का सहयोग मिलता रहेगा, यह सेवा जारी रहेगी। कार्यक्रम में सबसे पहले छात्रों को तिलक लगाकर मिष्ठान खिलाया गया। इसके बाद नगर पालिका अध्यक्ष व मौजूद लोगों ने हरी झंडी दिखाकर वाहन को रवाना किया। कार्यक्रम के दौरान शहर गणमान्य नागरिक मौजूद रहे । ‘आम नागरिक मंच सेवा समिति’ की इस पहल की शुरुआत विधिवत रूप से की गई। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिमा यादव, चेम्बर के प्रदेश उपाध्यक्ष पंकज जैन, डॉक्टर रश्मि सोनकर, पार्षद अजय जायसवाल, स्वप्निल सिन्हा और एसडीएम लिंगराज सिदार सहित कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *