भास्कर न्यूज | कवर्धा पीजी कॉलेज के इंडोर स्टेडियम में 20 मार्च से शुरू हुए दिव्यांग सेवा शिविर का कलेक्टर गोपाल वर्मा ने अवलोकन किया। यह शिविर 23 मार्च तक चलेगा। आयोजन बीजेएस और जैन समाज कवर्धा के सहयोग से किया गया है। शिविर में दिव्यांगजनों को कृत्रिम हाथ, पैर, श्रवण यंत्र, बैसाखी, कैलिपर्स और वॉकर जैसे सहायक उपकरण निशुल्क दिए जा रहे हैं। कलेक्टर वर्मा ने लाभार्थियों से बातचीत कर उनके अनुभव सुने। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविर दिव्यांगजनों के जीवन में नई उम्मीद और खुशी लाते हैं। इससे उनकी आत्मनिर्भरता बढ़ती है। उन्होंने कृत्रिम अंग निर्माण प्रक्रिया भी देखी और दिव्यांगजनों को नए अंग मिलने पर प्रसन्नता जताई। उन्होंने आयोजकों के इस प्रयास की सराहना की और इसे समाज के लिए प्रेरणादायक बताया। शिविर के आयोजकों ने बताया कि दिव्यांगजनों और उनके सहायकों के लिए आवास और भोजन की व्यवस्था की गई है। भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति भी इस आयोजन में सहयोग कर रही है। समिति की 41 शाखाएं देशभर में कार्यरत हैं और उनके बनाए उपकरण 48 देशों में उपयोग किए जा रहे हैं। मानसिक रूप से भी सशक्त बन रहे दिव्यांग शिविर में सैकड़ों दिव्यांगों को न केवल शारीरिक सहायता मिल रही है, बल्कि मानसिक रूप से भी वे सशक्त हो रहे हैं। एक लाभार्थी, जिसे कृत्रिम पैर लगाया गया, खुशी से दौड़ा और कहा कि अब वह नए अवसरों के लिए तैयार है। वहीं, एक अन्य लाभार्थी, जिसे कृत्रिम हाथ मिला, बाइक चलाकर तीन राउंड पूरे किए और कहा कि अब वह पूरी तरह आत्मनिर्भर महसूस कर रहा है। आयोजकों ने बताया कि भविष्य में ऐसे शिविरों का विस्तार किया जाएगा ताकि अधिक दिव्यांगजन लाभान्वित हो सकें।


