भास्कर न्यूज | कवर्धा छत्तीसगढ़ विधानसभा बजट सत्र 2024-25 के अंतिम दिन शुक्रवार को विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने उत्कृष्ट विधायकों की घोषणा की। पंडरिया विधायक भावना बोहरा को वर्ष 2024-25 के उत्कृष्ट विधायक के रूप में चुना गया। उन्होंने बजट सत्र, मानसून सत्र और शीतकालीन सत्र में सक्रिय भागीदारी निभाई। क्षेत्र और प्रदेश से जुड़े अहम मुद्दों को सदन में उठाया। जनता की समस्याओं और जरूरतों को लेकर मुखर रहीं। कई ऐसे विषय भी उठाए, जो आम जनता की भावनाओं से जुड़े थे। भावना बोहरा ने पंडरिया विधानसभा सहित प्रदेश में चल रही विकास योजनाओं और सरकारी नीतियों का समर्थन किया। वे लगातार सदन में उपस्थित रहीं और विभिन्न विषयों पर सवाल उठाए। महिला, युवा, उद्योग और शिक्षा से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की। सदन में वरिष्ठजनों से बहुत कुछ सीखने को मिला भावना बोहरा ने कहा कि यह सम्मान जनता के विश्वास, सहयोग और मार्गदर्शन से मिला है। इसे वे जनता को समर्पित करती हैं। उन्होंने कहा कि सदन में वरिष्ठजनों से बहुत कुछ सीखने को मिला। विधानसभा की कार्यवाही को समझने और जनहित के मुद्दे उठाने का अवसर मिला। उत्कृष्ट विधायक का सम्मान गर्व की बात है, लेकिन यह जिम्मेदारी भी बढ़ाता है। वे आगे भी पूरी निष्ठा से क्षेत्र और प्रदेश के मुद्दों को सदन में उठाती रहेंगी। जनता की समस्याओं के समाधान, मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता और विकास कार्यों को गति देने के लिए काम करेंगी। विधानसभा सत्र के माध्यम से जनता की आवाज सरकार तक पहुंचाने का प्रयास जारी रहेगा।


