भास्कर संवाददाता | उज्जैन सर्दी धीरे-धीरे अपना असर दिखाने लगी है। कोहरे का दायरा अलसुबह से बढ़कर दिन की शुरुआत तक होने लगा है। शाम ढलते ही सर्द हवा महसूस हो रही है। शुक्रवार-शनिवार की रात दिसंबर की सबसे सर्द रात रही। शासकीय जीवाजी वेधशाला के अनुसार इस दौरान न्यूनतम तापमान 10 डिग्री दर्ज किया गया। इसके पहले नवंबर में पांच बार यह 10 डिग्री से ऊपर दर्ज किया था। मौसम विभाग भोपाल के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ मध्य क्षोभ मंडलीय पश्चिमी पवनों में एक ट्रफ के रूप में माध्य समुद्र तल से 5.8 किमी की ऊंचाई पर अवस्थित है। उत्तर भारत से सर्द हवा आने का क्रम जारी है। इसके प्रभाव से सुबह की तुलना में आर्द्रता में शाम को 50 फीसदी कमी आई है। नवंबर और दिसंबर के पहले सप्ताह की बात करें तो 6 बार रात का पारा 10 या उससे ऊपर रहा। नवंबर में 8 को 10.4, 9 को 10.5, 13 को 10.7, 16 को 10.5 और 20 नवंबर को 10.5 डिग्री रहा। दिसंबर में यह पहली बार 6 को 10 डिग्री पर सिमट गया है। शनिवार देर रात शहर में कोहरा छा गया था। दोपहर में आसपास साफ था लेकिन शाम होते-होते ठंडक बढ़ गई थी।


