भास्कर न्यूज |लुधियाना सराभा नगर स्थित रोटरी क्लब में जाने-माने कारोबारी दीपक बाड़ियाल की स्वर्गीय माता सत्या देवी की अंतिम अरदास और रस्म पगड़ी का आयोजन श्रद्धा और सम्मान के साथ किया गया। इस अवसर पर शहर की कई सामाजिक, धार्मिक और राजनीतिक हस्तियां शामिल हुईं और दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में पंजाब कॉलोनाइजर एंड प्रॉपर्टी एसोसिएशन के प्रधान गुरविंदर सिंह लांभा विशेष रूप से पहुंचे। उन्होंने दीपक बाड़ियाल और उनके परिवार के साथ गहरा दुख साझा किया। उन्होंने कहा कि मां वह होती है, जो अपने आंचल में पाल-पोसकर बच्चों को काबिल बनाती है और सही रास्ता दिखाती है। इस अवसर पर पंजाब के विभिन्न जिलों से आए कॉलोनाइजरों ने भी स्वर्गीय माता सत्या देवी को श्रद्धांजलि के फूल अर्पित किए। इसके साथ ही होटल एसोसिएशन से जुड़े कई सदस्य भी अंतिम प्रार्थना सभा में शामिल हुए। अंतिम अरदास में परिवार के करीबी रिश्तेदारों के अलावा सामाजिक और धार्मिक संस्थाओं के प्रतिनिधि भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। अंत में परिवार की ओर से कार्यक्रम में शामिल सभी रिश्तेदारों, मित्रों, सामाजिक संगठनों और संस्थाओं का धन्यवाद किया गया, जिन्होंने इस दुख की घड़ी में पहुंचकर अपना सहयोग और संवेदना प्रकट की।


