भास्कर न्यूज | लुधियाना राष्ट्रीय हिंदू मंच द्वारा आयोजित विशेष सुंदरकांड के पाठ में श्रद्धा और भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला। कार्यक्रम की शुरुआत पर हिंदू मंच के पंजाब अध्यक्ष पवन शर्मा ने कहा कि संकट मोचन हनुमान जी की भक्ति और उनके गुणों का गान करने से मनुष्य के कठिन से कठिन संकट दूर हो जाते हैं। महिला मंडल की सदस्य सुनीता शर्मा, उर्मिला शर्मा, ज्योति शर्मा और संतोष कपिला सहित दर्जनों महिलाओं ने सामूहिक रूप से सुंदरकांड की चौपाइयों का गायन किया। ढोलक और झांझ की थाप पर जब महिलाओं ने सुंदरकांड का पाठ किया तो पूरा मंदिर परिसर जय श्री राम के उद्घोष से गुंजायमान हो उठा। श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए पवन शर्मा ने कहा कि सुंदरकांड केवल एक पाठ नहीं बल्कि जीवन जीने का आदर्श है। उन्होंने इसके महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि हनुमान जी का चरित्र हमें विनम्र रहते हुए नीतिगत कार्य करना सिखाता है। इसमें सेवक के धर्म और दूत के कर्तव्यों का अद्भुत वर्णन है। यह पाठ मानसिक शांति के साथ-साथ अष्ट सिद्धि और नवनिधि का बोध कराता है। यदि कोई व्यक्ति विकराल समस्याओं से घिरा हो तो सुंदरकांड का श्रद्धापूर्वक पाठ उसे विजय का मार्ग दिखाता है। पाठ की पूर्णाहुति पर श्री बाला जी महाराज की भव्य आरती की गई। इसके पश्चात मंदिर शिखर पर हनुमंत ध्वज फहराया गया और विश्व कल्याण की कामना की गई। धार्मिक अनुष्ठान में श्री हनुमंत सेवा समिति संगीत परिवार के सदस्यों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। इस अवसर पर महिला मंडल से चांदनी, हिना, अंजू, वीना बाली, मंजू मल्होत्रा, किरण शर्मा, प्रोमिला, गीता सूद व अन्य सदस्य उपस्थित रहीं। वहीं पुरुष वर्ग में राजू बांसल, मनोज तायल, हनी शर्मा और प्रदीप गुप्ता ने आयोजन की व्यवस्था संभाली।


