उत्तराखंड में चल रहे 38वें नेशनल गेम्स में झारखंड के तीरंदाजों ने शानदार प्रदर्शन किया। धनुर्धरों ने 2 स्वर्ण, 1 रजत और 2 कांस्य अपने नाम किया। दीपिका कुमारी ने व्यक्तिगत स्पर्द्धा में बिहार की आशिका कुमारी को हराकर स्वर्ण पदक जीता। पुरुष रिकर्व टीम स्पर्द्धा में झारखंड के गोल्डी मिश्रा, विष्णु चौधरी, श्रेय भारद्वाज, गुरुचरण बेसरा ने उत्तर प्रदेश की टीम को हराकर सोना जीता। वहीं, महिला रिकर्व टीम इवेंट के फाइनल में झारखंड की महिला तीरंदाजों को महाराष्ट्र की टीम के साथ संघर्ष करना पड़ा। अंतत: झारखंड की टीम को पराजय मिली। दीपिका कुमारी, अंकिता भगत, कोमोलिका बारी और तमन्ना वर्मा ने रजत पदक हासिल किया। तीरंदाजी एकल में कोमोलिका बारी ने महाराष्ट्र की गाथा खड़के को हराकर कांस्य पदक अपने नाम किया। तीरंदाजी मिश्रित में दीपिका कुमारी व गोल्डी मिश्रा की जोड़ी ने बंगाल की जोड़ी को हराकर कांस्य पदक झारखंड की झोली में डाला। वहीं, झारखंड लॉन बॉल पुरुष टीम ने 2 पदक जीते। लॉन बॉल महिला डबल में झारखंड ने उत्तराखंड को 29-10 से पराजित किया। महिला ट्रिपल में झारखंड ने मणिपुर को 16-14 से पराजित किया। पुरुष सिंगल में झारखंड ने मणिपुर को 21- 9 से हराया। पुरुष फोर्स की टीम ने ओडिशा को 18-5 से पराजित किया।


