रायसेन जिले के दीवानगंज स्थित तीर्थधाम ज्ञानोदय जैन मंदिर में रविवार को डॉ. संजीव कुमार गोधा आत्मार्थी निलय का शिलान्यास समारोह आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। जैन समाज और आयोजन समिति ने उनके आगमन पर स्वागत किया। शिलान्यास समारोह को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री चौहान ने जैन धर्म के सिद्धांतों पर प्रकाश डाला। उन्होंने अहिंसा, सत्य और आत्मशुद्धि के महत्व को बताते हुए कहा कि जैन धर्म मानवता को संयम और करुणा का मार्ग दिखाता है। उन्होंने यह भी कहा कि ऐसे आध्यात्मिक निर्माण समाज को नई दिशा प्रदान करते हैं। चौहान बोले- प्रेम और सेवा न भूलें
चौहान ने अपने संबोधन में प्रेम और सेवा के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा, “हम जिस भी क्षेत्र में जाएं, दो चीजें न भूलें – प्रेम और सेवा। जीवन अपना धन्य हो, हम सभी को यह कोशिश करनी चाहिए।” उन्होंने जैन शब्द की व्याख्या करते हुए कहा, “जो दूसरों को जीते वह वीर, लेकिन जो अपने आप को जीत ले वह महावीर। जो महावीर है वही जितेंद्रिय है, जो जितेंद्रिय है वही जिन और जो जिन है वही जैन है।” इस अवसर पर जिनेन्द्र अभिषेक और पूजन विधि का भी आयोजन किया गया। धार्मिक अनुष्ठानों के बाद शिलान्यास सभा और विधिवत शिलान्यास प्रक्रिया हुई। समारोह में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, समाजजन और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे, जिनमें भाजपा जिला अध्यक्ष राकेश कुमार भी शामिल रहे।


