सतना के कोलगवां थाना क्षेत्र स्थित टिकुरिया टोला, वार्ड क्रमांक 37 में अज्ञात चोरों ने एक सूने घर को निशाना बनाते हुए बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। यह घटना शनिवार रात की है। पीड़ित शुभम गुप्ता अपने परिवार के साथ मथुरा गए हुए थे। शनिवार की रात चोरों ने सूने घर से कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। पड़ोसियों ने फोन कर शुभम गुप्ता को चोरी होने की सूचना दी। सूचना मिलने पर शुभम रविवार को सतना पहुंचे और कोलगवां थाने में घटना की जानकारी दी। शुभम गुप्ता के अनुसार, चोर घर से दो ड्रोन कैमरे, एक एम3 कैमरा, एक फोटो कैमरा, एक वीडियो कैमरा, एक लैपटॉप, एक डिस्कवर बाइक, शादी में उपयोग होने वाले बर्तन, एक चांदी का ब्रेसलेट और 1 लाख 57 हजार रुपये नकद चोरी कर ले गए। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और अज्ञात आरोपियों की तलाश जारी है।


