भास्कर न्यूज | छतरपुर नगर पंचायत में लोग सड़क जाम की समस्या से परेशान है। महावीर चौक, भारत माता चौक, बाजार मुख्य पथ, सरईडीह रोड और जपला रोड में लोगों को रोजाना जाम की समस्या से जूझना पड़ रहा है। घंटों सड़क जाम होने की वजह से कोई समय पर अस्पताल नहीं पहुंच पा रहे हैं, तो कोई ऑफिस और स्कूल लेट से पहुंच रहे हैं। जाम लगने की सबसे बड़ी वजह बड़े वाहनों का शहर में प्रवेश, सड़क पर बेतरतीब ढंग से खड़ी गाड़ियां और दुकानदारों का अतिक्रमण है। कभी-कभी तो जाम हटाने में पुलिसकर्मियों के भी पसीने छूट जाते हैं, लेकिन फिर भी जाम नहीं हट पाता है। बाइक, ऑटो, चार पहिया वाहन और बस चालकों को आमजनों की परेशानी से कोई मतलब है। ये शहर के चौक-चौराहों मुख्य पथों पर ट्रैफिक नियमों को दरकिनार करते हुए बेतरतीब तरीके से वाहनों को जगह-जगह पर रोककर यात्री चढ़ाते उतारते हैं। इनकी मनमानी हाई स्कूल मोड़ से थाना गेट तक की सड़क पर देखी जा सकती है। शहर में वाहनों की पार्किंग के लिए भी उचित प्रबंध नहीं किए गए हैं। इस वजह से लोगों को जहां मन करता है, वहां वाहन खड़ा कर देते हैं। सबसे अधिक जाम घनी आबादी वाले बाजार क्षेत्र की सड़क पर लगता है। शहर के महावीर चौक चौराहे से लेकर मुख्य बाजार की सड़कों पर सुनार मोहल्ला मोड़ तक दुकानदारों ने सड़कों पर अतिक्रमण कर रखा है। जिसकी वजह से भी यहां जाम की समस्या होती है।


