बारियातू | घर के बाहर खड़ी बोलेरो को शनिवार रात अज्ञात चोर चुरा ले गए। वाहन मालिक संतोष प्रसाद ने बताया कि रोज की तरह बोलेरो घर के बाहर खड़ी थी। रात करीब 12:00 बजे वाहन स्टार्ट होने की आवाज आई। जब तक बाहर निकले, बोलेरो गायब थी। तुरंत थाना को सूचना दी गई। बोलेरो की तलाश में बारियातू से फुलसू जाने वाली पक्की सड़क पर डाढ़ा मोड़ तक जाकर देखा गया, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। पास में लगे सीसीटीवी कैमरे की जांच की गई। उसमें एक कार घर के पास खड़ी दिखी। उसी कार से एक चोर उतरा और बोलेरो की ओर गया। फिर बोलेरो स्टार्ट कर कार के पीछे-पीछे लेकर चला गया।चोरी के वक्त बिजली भी कट गई थी। बाद में पता चला कि ट्रांसफॉर्मर से फ्यूज उड़ा हुआ था। आशंका है कि चोर का कोई साथी ट्रांसफॉर्मर के पास खड़ा था, जिसने बिजली काट दी। सीसीटीवी में बोलेरो को ले जाते हुए साफ देखा जा सकता है। इधर, थाना प्रभारी देवेंद्र कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही छापेमारी शुरू कर दी गई है। जल्द ही वाहन चोर पकड़े जाएंगे।


