कानीवाड़ा में गुरुवार को हनुमान मंदिर के बाहर बाइक साइड को लेकर 2 पक्षों में कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ा और दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। जिससे हालात छावनी जैसे बन गए। घटना में 2 महिलाओं सहित 5 लोगों को मारपीट कर घायल कर दिया गया। महिलाओं की हालत गंभीर होने पर उन्हें जालोर से पाली और बाद में पालनपुर रेफर करना पड़ा। बता दें कि गुरुवार को मंदिर के बाहर दुकान पर ऊण गांव निवासी रमेशसिंह राजपुरोहित कार से कानीवाड़ा में आया। इसी दौरान राहुल पुत्र कुकाराम गर्ग अपनी बाइक दुकान के सामने लेकर रुका। रमेश ने साइड मांगी तो बहस होने लगी, जो कि बढ़कर हाथापाई तक पहुंची, जिस दौरान रमेश को चोट आई। इसके बाद रमेश ने अपने साथियों को बुलाया और उन्होंने दुकान पर मौजूद राहुल गर्ग, उसका भाई उत्तम, पिता कुकाराम, दुकान पर पानी भरने आई पत्नी सरिया देवी और बेटी संगीता से मारपीट की गई। सरिया देवी और संगीता गंभीर घायल हुईं। दोनों को जालोर अस्पताल से पाली रेफर किया गया, जहां से परिजन उन्हें पालनपुर ले गए। घटना को लेकर सुरेश कुमार ने आहोर थाने में रिपोर्ट दी है। सीसीटीवी फुटेज में आरोपी दुकान के बाहर धमकाते हुए दिख रहे घटना के सीसीटीवी फुटेज में आरोपी दुकान के बाहर धमकाते हुए दिख रहे हैं। व्यापारी की पत्नी और बेटी समझाइश के लिए आगे आईं तो हमलावरों ने उनके साथ भी धक्का-मुक्की की। फुटेज में युवक दुकान में घुसकर तोड़फोड़ और मारपीट करते नजर आ रहे हैं। पुलिस भी मौके पर मौजूद थी, लेकिन आरोपियों ने पुलिस से भी खींचतान की और दुकान में घुसकर हमला जारी रखा। तनाव बढ़ने और लोगों की भीड़ इकट्ठी होने पर रास्ता तक जाम हो गया। सूचना मिलने पर आहोर डीएसपी दशरथ सिंह मौके पर पहुंचे। हालात बिगड़ते देख जालोर से भारी पुलिस जाब्ता बुलाकर तैनात किया गया। देर रात तक पुलिस बल इलाके में मौजूद रहा। घटना के दौरान 2 घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही।


