कोटा-बूंदी जिला दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ की बोर्ड बैठक सरस सभागार में की गई। बैठक की अध्यक्षता संघ के चेयरमैन चैनसिंह राठौड़ ने की। बैठक में कुल 12 एजेंडा बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा कर महत्वपूर्ण निर्णय पारित किए गए। बैठक में कोटा शहर की जनता के लिए एक बड़ी घोषणा करते हुए जल्द ही शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया। इस शुद्ध पेयजल को सरस जल ब्रांड नाम से बाजार में उतारा जाएगा, जिससे आमजन को गुणवत्तापूर्ण और सुरक्षित पेयजल मिल सकेगा।
इसके साथ ही दुग्ध संघ द्वारा दुग्ध क्रय एवं विक्रय दरों की पुष्टि की गई। संचालक मंडल में खाली पदों पर सहवरण करते हुए दो नए संचालक सदस्यों की सर्वसम्मति से नियुक्ति की गई। रोशन लाल जाट एवं रासबिहारी सैन को संचालक मंडल का सदस्य बनाया गया। इसके बाद संचालक मंडल की संख्या 10 से बढ़कर 12 हो गई। बैठक में कोटा और बूंदी जिले में 14 नई प्राथमिक दुग्ध समितियों को मान्यता देने का भी निर्णय लिया गया। साथ ही संघ की भौतिक प्रगति की समीक्षा कर भविष्य की कार्ययोजना पर चर्चा की गई। बैठक में लिए गए निर्णयों को दुग्ध उत्पादकों और उपभोक्ताओं के हित में अहम बताया गया।


