भास्कर न्यूज | गिरिडीह हीरोडीह थाना इलाके की खटौरी पंचायत के दुधनिया जंगल में जुआ अड्डा का संचालन दीपावली के समय से ही हो रहा है। हर दिन दोपहर 2 बजे से जुआरियों का जमावड़ा जंगल में लगने लगाता है। उसके बाद रात के करीब 8 बजे तक जुआ चलता है। जिस स्थान पर अड्डा का संचालन होता है। वहां इसी वर्ष मई में सांसद चुनाव से ठीक दो दिन पहले एक युवक की हत्या हो गई थी। हालांकि पुलिस ने हत्याकांड मंे शामिल आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था, उसके बाद से जंगल में लगने वाला जुआ अड्डा काफी दिनों तक बंद था, लेकिन हाल के दिनों मंे फिर से वहां का जुआ अड्डा का संचालन शुरू हो गया है। जिससे जंगल मंे आने-जाने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। खोरीमहुआ से दुधनिया गांव जाने वाली जंगल वाले रास्ते से महज की कुछ दूरी पर अड्डा चलता है, लेकिन हीरोडीह थाना की गश्ती दल उस इलाके में नहीं जाती है। हालत ऐसी है कि जुआ अड्डा के साथ वहां पर शराब, मांस का भी कारोबार हर दिन चल रहा है। जिसमें कई आपराधिक किस्म के लोग भी रहते है। अड्डा का संचालन करने वाला बेखौफ होकर अड्डा चला रहा है। विरोध करने वाले ग्रामीणों को वह जान से मारने तक की धमकी भी दे रहा है। जिससे ग्रामीण काफी डरे सहमे से है।


