लेदा को प्रखंड बनाने की फिर उठी मांग, 5 जनवरी को हटिया मैदान जनसभा करने का किया ऐलान

भास्कर न्यूज | गिरिडीह एक बार फिर लेदा को प्रखंड बनाने की मांग उठने लगी हैं। इसको लेकर गिरिडीह सदर प्रखंड टीडी पब्लिक स्कूल लेदा में मंगलवार को और कोवाड चौक पर बुधवार को सिंदवरिया पंचायत मुखिया सह क्षेत्रीय संघर्ष समिति अध्यक्ष रामेश्वर प्रसाद वर्मा की अध्यक्षता में क्षेत्रीय संघर्ष समिति की बैठक की गई। बैठक का संचालन पंचायत समिति सदस्य प्रतिनिधि ( सिन्दवरिया) रवि साहू ने किया। क्षेत्रीय संघर्ष समिति के बैठक में गिरिडीह सदर प्रखंड से अलग लेदा प्रखंड की मांग पर चर्चा हुई। जिसमें आगे चलकर एक बड़ा आंदोलन करने की तैयारी है। बैठक में 13 पंचायत सिंदवरिया, लेदा, बजटो,अलगुंदा बेरदोंगा, पहाडपुर, सेनादोनी, जितपुर, खेदवारा, बलगो, नागाबाद, ससारखो और खुदिसार के क्षेत्रीय संघर्ष समिति से जुड़े लोगों ने भाग लिया। बैठक में लेदा को प्रखंड बनाने को लेकर कोडरमा सांसद, गांडेय व डुमरी विधायक सहित उपायुक्त को मांग पत्र सौंपने और 05 जनवरी को लेदा हटिया मैदान पर जनसभा करने की रणनीती तय की गई। मुखिया रामेश्वर प्रसाद वर्मा ने कहा कि लेदा प्रखण्ड बनने की सारी शर्तों को पूरा करता हैं। बावजूद इसे अबतक प्रखंड का दर्जा नहीं दिया गया है। जबकि वर्ष 2006 से ही लेदा को प्रखंड बनाने की मांग की जा रही है। क्षेत्रीय संघर्ष समिति को स्थानीय जिला परिषद सदस्य प्रवीन मुर्मू व रामधन वर्मा सहित सभी 13 पंचायतों के मुखिया, पंचायत समिति सदस्य, उप मुखिया और ग्राम प्रधान ( वार्ड सदस्य)अपना पूरा समर्थन दे रहे हैं और आगे चलकर जो भी सहयोग की जरुरत होगी तो उसके लिए सभी तैयार है क्योंकि लेदा को प्रखंड बनाने से सभी पंचायत की गिरिडीह प्रखंड मुख्यालय से दूरी कम हो जाएगी। प्रखंड बनने से विकास भी होगा। बैठक में मुख्य रूप से बजटो मुखिया प्रतिनिधि जितेंद्र वर्मा,लेदा मुखिया प्रतिनिधि बिनोद पांडेय, मनोहर साव, दिनेश ठाकुर, मेघलाल वर्मा, शंकर वर्मा, बालेश्वर राय, रुपलाल हेम्ब्रम, सुनील हेम्ब्रम, मंटूलाल राणा, ओमप्रकाश दास, राजू राय, प्रकाश मंडल आदि मौजूद थे। इन पंचायत के लोगों को मिलेगा लाभ जिप सदस्य प्रवीन मुर्मू ने कहा कि लेदा को प्रखंड बनाने से आठ पंचायतों लेदा, सिंदवरिया, बजटो, बेरदोंगा, पहाडपुर, सेनादोनी, अलगुंदा और जितपुर पंचायत की गिरिडीह सदर प्रखण्ड से 15 किमी दूरी कम हो जायेगी और करीब 80 हजार लोगों को फायदा होगा। जिप सदस्य रामधन वर्मा ने कहा कि लेदा को प्रखण्ड बनाने से पांच पंचायतों खेदवारा, बलगो, नागाबाद, ससारखो और खुद्दीसार की दूरी 25 किमी कम हो जायेगी और करीब 50 हजार लोगों को फायदा होगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *