दुधालिया में महिला सशक्तिकरण सम्मेलन, CM भजनलाल आएंगे:जनसभा 22 दिसंबर को, तैयारियों पर संभागीय आयुक्त ने ली बैठक

राज्य सरकार के दो वर्ष पूरे होने के अवसर पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा 22 दिसंबर को झालावाड़ जिले के डग क्षेत्र स्थित ग्राम दुधालिया आएंगे। यहां उनके मुख्य आतिथ्य में महिला सशक्तिकरण सम्मेलन और जनसभा का आयोजन प्रस्तावित है। इस प्रस्तावित दौरे की तैयारियों को लेकर गुरुवार को संभागीय आयुक्त अनिल कुमार अग्रवाल की अध्यक्षता में मिनी सचिवालय के सभागार में एक बैठक आयोजित की गई। संभागीय आयुक्त ने जिला स्तरीय अधिकारियों को बताया कि जिला प्रशासन को इस आयोजन के लिए व्यापक व्यवस्थाएं और तैयारियां सुनिश्चित करनी होंगी। उन्होंने विभागवार दायित्व विभाजन के अनुसार कार्य करने के निर्देश दिए। जिला कलेक्टर अजय सिंह राठौड़ ने जानकारी दी कि आयोजन स्थल पर मुख्यमंत्री मनरेगा उद्यान, बायोगैस प्लांट और गोशाला का लोकार्पण करेंगे। इसके अतिरिक्त अन्य उद्घाटन, शिलान्यास और लाभार्थियों को लाभ प्रदान किए जाएंगे। सूचना एवं संपर्क विभाग द्वारा जिले में महिला सशक्तिकरण को प्रदर्शित करने वाली प्रदर्शनी लगाई जाएगी। राजीविका, कृषि विभाग, उद्योग विभाग, पशुपालन विभाग और उद्यानिकी विभाग द्वारा महिलाओं की आजीविका एवं स्वरोजगार गतिविधियों के प्रदर्शन के लिए लगभग 25 स्टॉल भी लगाए जाएंगे। संभागीय आयुक्त ने कार्यक्रम के समन्वय, निगरानी, वीआईपी प्रोटोकॉल, विभागीय समन्वय, समय प्रबंधन, मंच व्यवस्था और संचालन की निगरानी के लिए अतिरिक्त जिला कलेक्टर को निर्देश दिए। कानून व्यवस्था, वीआईपी सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, पार्किंग व्यवस्था और कार्यक्रम स्थल, हेलीपैड तथा जनसभा स्थल पर सुरक्षा घेरा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया गया। इस दौरान कार्यक्रम स्थल, मंच, बैरिकेडिंग एवं पहुंच मार्ग की तैयारी, हैलीपैड की तैयारी एवं सुरक्षा मानकों की पालना तथा अस्थायी संरचनाओं की मजबूती सुनिश्चित करने के लिए सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता को संबंधित निर्देश प्रदान किए। वहीं, आयोजन स्थल पर निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने, जनरेटर एवं वैकल्पिक विद्युत व्यवस्था मंच एवं स्टॉल क्षेत्र में प्रकाश व्यवस्था करने हेतु जेवीवीएनएल के अधिकारी तथा प्राथमिक चिकित्सा केन्द्र की स्थापना, एम्बुलेंस एवं चिकित्साकर्मियों की तैनाती और आपातकालीन स्वास्थ्य व्यवस्थाओं के लिए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को जिम्मेदारी सौंपी। संभागीय आयुक्त ने कृषि, उद्योग, पशुपालन एवं उद्यानिकी विभाग के अधिकारियों को विभागीय स्टॉलों की स्थापना एवं सज्जा, महिला नवाचारों एवं आजीविका गतिविधियों के प्रदर्शन एवं विभागीय अधिकारियों की तैनाती के लिए आवश्यक निर्देश दिए। इस दौरान अतिरिक्त जिला कलेक्टर अनुराग भार्गव, जिला परिषद् के मुख्य कार्यकारी अधिकारी शंभूदयाल मीणा, उपखण्ड अधिकारी झालावाड़ अभिषेक चारण मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *