दुबई से जुड़े हवाला नेटवर्क के 6 आरोपी काबू, 9.07 लाख बरामद

भास्कर न्यूज | अमृतसर अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने 2 मामलों में अंतर्राष्ट्रीय ड्रग्स-हथियार मॉड्यूल और अंतर्राष्ट्रीय नार्को-हवाला सिंडिकेट का पर्दाफाश करते हुए 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि मलेशिया से जुड़े ड्रग्स-हथियार मॉड्यूल के 3 तस्करों को काबू किया है। सीआईए स्टाफ 1 अमृतसर की टीम ने जसप्रीत चौहान उर्फ कालू निवासी बरनाला , हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी निवासी फतेहगढ़ चूड़ियां और तेजबीर सिंह उर्फ तेजी निवासी हरिके तरनतारन को फतेहगढ़ चूड़ियां रोड से गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से एक किलो 15 ग्राम हेरोइन, 3 ग्लॉक 9 एमएम, 2 चाइनामेड पिस्तौल बरामद हुए। जसप्रीत चौहान और हरप्रीत सिंह हाल ही में मलेशिया गए थे और वहीं पर एक तस्कर उन्हें मिला और उन्हें कहा गया कि पंजाब में जब वह पहुंचेंगे तो उन्हें कोई काम दिया जाएगा। जिसके बाद इन्हें हेरोइन और पिस्टल की डिलीवरी करने के लिए कहा गया। उक्त दोनों ही अपने साथी तेजबीर सिंह के साथ यहां पहुंचे थे। बरामद हुई खेप इन लोगों ने किसी तस्कर से ही ली थी और आगे सप्लाई करनी थी। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और कई खुलासे होने की संभावना है। पुलिस कमिश्नर ने बताया कि हवाला नेटवर्क के 6 आरोपियों को काबू किया गया, जिनमें 9.07 लाख रुपए बरामद हुए। थाना इस्लामाबाद की पुलिस ने 150 ग्राम हेरोइन के साथ दानिश उर्फ गग्गू निवासी कोट खालसा को गिरफ्तार किया। जब पूछताछ की गई तो हवाला कारोबार का एक बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है। दुबई से यह नेटवर्क जुड़ा हुआ था। जब उनसे पूछताछ की गई तो इसमें कोट खालसा की ही एक महिला सलोनी, जोबनप्रीत सिंह उर्फ जोबन, कुलविंदर सिंह, अब्दुल रहमान, प्रदीप पिंटू को गिरफ्तार किया गया। इनके कब्जे से 9.07 लाख रुपए की ड्रग मनी बरामद हुई। उन्होंने बताया कि अब्दुल रहमान और प्रदीप पिंटू दोनों ही कर्नाटक के रहने वाले हैं और इनके दफ्तर दिल्ली में है। दुबई से इनके हवाला के तार जुड़े हुए है। दोनों ही अदरक के व्यापारी है, जिसके चलते इन्होंने अपना हवाला का कारोबार भी इसकी आड़ में शुरू कर लिया था।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *