भास्कर न्यूज|गिरिडीह दुर्गापूजा को लेकर लोग जहां भक्ति भाव में जुटे रहे, वहीं दूसरी तरफ चोरों का गिरोह अपने मिशन में जुटा हुआ था। शहर में बसे अधिकांश लोग दुर्गापूजा मनाने अपने गांव जाते हैं। इस दौरान शहर के घरों में ताला बंद होता है। जिसका फायदा चोरों ने इस बार जमकर उठाया। दुर्गापूजा मनाकर जब लोग घर लौटे तो पता चला कि उसके घर का ताला ग्रिल टूटा हुआ है और गोदरेज व बक्सा में रखा सारा जेवरात व नकदी गायब है। गिरिडीह शहर व आसपास के इलाके में फिलहाल चोरी की चार घटनाएं सामने आ चुकी है। जहां से करीब 30 लाख कीमत की नकदी व जेवरात की चोरी हुई है, और सारी घटनाएं ताला व ग्रिल तोड़कर अंजाम दी गयी है। ये चारों घर न्यू बरगंडा प्रोफेसर कॉलनी, सिरसिया व शीतलपुर में स्थित है। जो गिरिडीह नगर थाना व मुफ्फसिल थाना क्षेत्र में आता है। दोनों थानों की पुलिस घटना की जांच पड़ताल में जुटी है, लेकिन फिलहाल कोई सुराग हाथ नहीं लगा है। पीड़ितों में न्यू बरगंडा निवासी शिवनारायण पांडेय, सिरसिया निवासी सेवानिवृत्त शिक्षक प्रवीण कुमार सिन्हा और शीतलपुर निवासी रोशन कुमार सिन्हा व मनोज कुमार सिन्हा शामिल हैं। बताते हैं कि चोरी की चारों घटनाएं 30 सितंबर की रात में हुई है। क्योंकि उस दिन अधिकांश लोग पूजा पाठ में लीन थे और हर तरफ सन्नाटा पसरा था। लिहाजा चोरों ने एक-एक घर वारदात को अंजाम दिया। नगर थाना प्रभारी ज्ञानरंजन कुमार ने कहा कि घटना के बाबत स्थल का जायजा लिया। फिंगर प्रिंट व सीसीटीवी फूटेज के आधार पर चोरों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है। कहा कि घर खाली छोड़ लोगों को जाना ही नहीं चाहिए था। घर खाली देखते ही चोर उसे निशाना बनाते हैं। वहीं मुफ्फसिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो ने कहा कि घटना को लेकर पुलिस गंभीर है और तत्परता से मामले की जांच कर रही है। पुलिस गश्त बढ़ा दी गयी है। जल्द ही गिरोह को ढूंढ निकालेंगे। केस -1 नगर थाना क्षेत्र के न्यू बरगंडा प्रोफेसर कॉलोनी निवासी शिवनरायण पांडेय के पुत्र आनंद पांडेय ने बताया कि दुर्गापूजा में घर गए थे। रसोई की खिड़की तोड़कर चोर घर में प्रवेश कर गया और गोदरेज में रखा हुआ 7 लाख रुपए के जेवरात, 50 हजार रुपए नगदी और 22 हजार रुपए कीमत का कैमरा लेकर फरार हो गया। कहा कि वे लोग यहां ताला बंद कर अपने पैतृक गांव बेंगाबाद थाना क्षेत्र के भंवरडीह गए हुए थे। घर का ताला टूटा हुआ देख पड़ोसियों ने खबर दी। जब पहुंचे तो घर का सारा सामान बिखरा पड़ा था और कीमत जेवरात व नकदी गायब मिला। घटना की सूचना पाकर नगर थाना प्रभारी ज्ञानरंजन कुमार पहुंचे, छानबीन की जा रही है। केस-2 गिरिडीह प्रखंड कार्यालय के पीछे सिरसिया निवासी सेवानिवृत शिक्षक प्रवीण कुमार सिन्हा ने कहा दुर्गापूजा मनाने के लिए घर में ताला बंद कर पैतृक गांव मधुबन थाना क्षेत्र के चैनपुर गए हुए थे। इसी बीच मुख्य गेट का ताला तोड़कर चोर घूसा और जमकर उत्पात मचाया। जिसमें घर से नकदी करीब 60 हजार रुपए और करीब 6 लाख कीमत का जेवरात लेकर फरार हो गया। कहा कि घर के मुख्य गेट का ताला टूटा देख अगल बगल वालों ने खबर दी। जब पहुंचे तो अंदर सारा गोदरेज व बक्सा का ताला टूटा हुआ था और सारा सामान बिखरा पड़ा था। जबकि सारा कीमती सामान व नगदी गायब मिला। सूचना पर पुलिस पहुंची और छानबीन कर गयी है। केस-4 शीतलपुर निवासी मनोज कुमार सिन्हा ने कहा कि वे पूरे परिवार के साथ दुर्गापूजा मनाने के लिए पैतृक गांव तिसरी गए हुए थे। यहां घर में ताला बंद था। इसी बीच चोरों ने घर व कमरों का सब ताला तोड़ दिया और घर में रखे करीब 5 लाख कीमत के जेवरात व 20 हजार रुपए नकदी लेकर फरार हो गया। घटना के दूसरे दिन पड़ोसियों से मुख्य गेट का ताला टूटने की सूचना मिला तो दौड़े भागे पहुंचे, पता चला कि चोरों ने घंटों तक उसके घर को खंगाला है और एक-एक सामान जो कीमती मिला वह सारा कुछ लेकर भाग निकला। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि चोरों के गिरोह पर ऐसी कार्रवाई की जाए ताकि फिर ऐसी घटना करने की वह हिम्मत नहीं करे और चोरी गए जेवरात बरामद की जाए।


