दुर्गुकोंदल वन परिक्षेत्र के मोनेट माइंस में 15 जुलाई को दिखाई देने वाला हाथी 16 जुलाई को अंतागढ़ के लामकन्हार में पहुंच गया है। वन विभाग हाथी के पदचिन्हों के आधार पर लगातार निगरानी कर रहा है। वन विभाग के अनुसार हाथी हिमोड़ा और तोपाल की दिशा में बढ़ रहा है। विभाग ने मार्ग में आने वाले गांवों के निवासियों को सतर्क कर दिया है। जंगल में जाने पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया है। बिजली आपूर्ति भी रोकी गई हाथी की सुरक्षा को देखते हुए क्षेत्र के खेतों और बस्तियों के बाहरी इलाकों की बिजली आपूर्ति रोक दी गई है। हाथी अकेले ही आगे बढ़ रहा है। वह भोजन की तलाश में आबादी वाले क्षेत्रों की ओर जाता है और आराम के लिए जंगल में लौट आता है। वन विभाग के कर्मचारी हाथी की गतिविधियों पर नजर रखे हुए हैं। वे आगे के क्षेत्रों में तैनात कर्मचारियों को सूचना देते रहते हैं, जिससे वे स्थानीय लोगों को समय रहते सावधान कर सकें।


