दुर्ग शहर के पुलगांव चौक पर शुक्रवार सुबह एक सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई। सुबह करीब 7 बजे काम पर जा रही महिला को एक ट्रक ने टक्कर मार दी। महिला की मौके पर ही मौत हो गई और ट्रक चालक वाहन लेकर फरार हो गया। घटना के बाद चौक पर कुछ देर के लिए यातायात बाधित हुआ। मृतका की पहचान कोल्हापुरी निवासी उत्तरा (लगभग 50 वर्ष) के रूप में हुई है। वह केपीएस स्कूल में सफाई कर्मचारी के तौर पर कार्यरत थीं। उत्तरा प्रतिदिन की तरह सुबह अपने घर से स्कूल के लिए निकली थीं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, यह हादसा पुलगांव चौक पर तब हुआ जब राजनांदगांव की ओर से आ रहा एक ट्रक बालोद की दिशा में मुड़ रहा था। इसी दौरान ट्रक ने महिला को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि महिला का शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया। हादसे के तुरंत बाद ट्रक चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलगांव थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। पुलिस फरार ट्रक और उसके चालक की तलाश कर रही है। यह पुलगांव चौक पर हुई पहली घटना नहीं है। यह चौक पहले भी कई सड़क हादसों का गवाह रहा है। क्षेत्र में भारी वाहनों की अनियंत्रित आवाजाही और यातायात नियंत्रण की कमी को लेकर सुरक्षा संबंधी सवाल फिर से उठने लगे हैं। उत्तरा की मौत की खबर से उनके परिवार में शोक का माहौल है। परिवार का कहना है कि उत्तरा ही उनके घर की रोजी-रोटी का मुख्य जरिया थीं।


