दुर्ग में अफीम के इंटर स्टेट नेटवर्क पर कार्रवाई:खरीदी-बिक्री करने वाले के साथ दंतेवाड़ा से अफीम की सप्लाई करने वाला भी पकड़ाया, अब तक तीन की हुई गिरफ्तारी

भिलाई नगर पुलिस ने अफीम की खरीदी-बिक्री से जुड़े अंतर्राज्यीय नेटवर्क का खुलासा करते हुए अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई में 205 ग्राम अफीम, नकदी, मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल जब्त की गई है। जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत करीब 80 हजार 500 रुपए बताई जा रही है। एक दिन पहले गिरफ्तार किए गए आरोपी बलवीर सिंह की निशानदेही पर दो अन्य आरोपी की गिरफ्तारी हुई है। पूछताछ के दौरान आरोपी बलवीर सिंह ने अहम खुलासे किए। उसने बताया कि वह अफीम की खरीदी-बिक्री रामबाबू नामक व्यक्ति के माध्यम से करता था, जबकि अफीम की सप्लाई स्वरूप सोनी द्वारा की जाती थी। इस जानकारी के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को चिन्हित किया और अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर गिरफ्तार कर लिया। दंतेवाड़ा से होती थी अफीम की सप्लाई
पुलिस ने जिन दो आरोपी को गिरफ्तार किया है, इनमें एक आरोपी दंतेवाड़ा का रहने वाला स्वरूप सोनी (28वर्ष) है। वहीं से वो अफीम की सप्लाई दुर्ग-भिलाई में कर रहा था। इसके अलावा पुलिस ने रामबाबू उर्फ कैम्बो (45 वर्ष), निवासी सेक्टर-06 भिलाई को भी इस नेटवर्क में शामिल होने के मामले में गिरफ्तार किया है। दोनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। इस मामले में अब तक तीन आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं। 15 जनवरी को पकड़ाया था पहला आरोपी
पुलिस अधिकारियों के अनुसार 15 जनवरी 2026 को थाना भिलाई नगर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सेक्टर-06 भिलाई स्थित महाराणा प्रताप चौक के पास एक व्यक्ति अवैध रूप से अफीम रखकर उसकी बिक्री के लिए ग्राहकों की तलाश कर रहा है। सूचना की तस्दीक के बाद तत्काल पुलिस टीम का गठन कर मौके पर घेराबंदी की गई। इस दौरान आरोपी बलवीर सिंह, निवासी सेक्टर-06 भिलाई को रंगे हाथों पकड़ लिया गया। तलाशी में मिले थे 205 ग्राम अफीम
हिरासत में लेने के बाद आरोपी बलवीर सिंह की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 205 ग्राम अफीम बरामद की गई। इसके अलावा अपराध में प्रयुक्त एक मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल भी जब्त की गई। आरोपी के खिलाफ थाना भिलाई नगर में अपराध क्रमांक 22/2026 के तहत नारकोटिक्स एक्ट की धारा 22(ख) में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया। इसके बाद उससे आगे पूछताछ की गई, जिसमें अन्य नेटवर्क के बारे में जानकारी मिली। बताया जा रहा है कि इसमें अभी और भी गिरफ्तारी की जा सकती है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *