दुर्ग में छुट्टी के दिन स्पा सेंटर खुले:सूर्या माल के 7 स्पा संचालिकाएं गिरफ्तार, कोर्ट ने सभी को जेल भेजा

दुर्ग जिले में मंगलवार को स्मृति नगर पुलिस चौकी ने सूर्या माल क्षेत्र में स्थित स्पा सेंटरों पर कार्रवाई की। 7 स्पा और ब्यूटी सैलून पर छापेमारी की गई। शासन के नियमों के अनुसार, मंगलवार को सभी स्पा और ब्यूटी सैलून को साप्ताहिक छुट्टी रखना अनिवार्य है। इस मामले में पुलिस प्रवक्ता पद्मश्री तंवर ने बताया कि न्यू एलोरा स्पा, रॉयल रिलेक्सिंग स्पा, द फाइनिंग स्पा, द राइजिंग स्पा, कृतिमा स्पा एंड ब्यूटी, संजू स्पा एंड ब्यूटी और दिशा स्पा एंड ब्यूटी खुले मिले। इससे पहले भी पुलिस ने इन सेंटरों को नियमों का पालन करने की हिदायत दी थी। पुलिस टीम किया विवाद चेकिंग के दौरान न केवल ये स्पा खुले पाए गए, बल्कि संचालिकाओं ने पुलिस टीम और साक्षियों से विवाद भी किया। इससे वहां मौजूद लोगों के बीच अशांति का माहौल बना। पुलिस ने सभी संचालिकाओं को गिरफ्तार कर थाना सुपेला चौकी स्मृति नगर में मामला दर्ज किया। सभी को केंद्रीय जेल दुर्ग भेजा गया इनके खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 170/126 और 135 के तहत कार्रवाई की गई। अनुविभागीय दंडाधिकारी छावनी न्यायालय ने सभी को केंद्रीय जेल दुर्ग भेज दिया है। पुलिस प्रवक्ता ने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वाले सेंटरों पर कार्रवाई जारी रहेगी। प्रशासन ने शहर के अन्य स्पा और ब्यूटी सैलून संचालकों को शासन की गाइडलाइन और लाइसेंस की शर्तों का पालन करने की हिदायत दी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *