कम्युनिटी रिपोर्टर | दुर्ग सिविल लाइन कसारीडीह स्थित प्रसिद्ध श्री साई बाबा मंदिर में 2, 3 व 4 दिसंबर को 49वां वार्षिक महोत्सव मनाया जाएगा। इसमें रंगारंग छत्तीसगढ़ी सांस्कृतिक कार्यक्रम व भजनों की प्रस्तुति के अलावा मेहंदी, ड्राइंग, रंगोली, पूजा की थाली सजाओ प्रतियोगिताएं होंगी। छत्तीसगढ़ी सांस्कृतिक कार्यक्रम में मशहूर कॉमेडियन पप्पू चंद्राकर सांकरा बालोद द्वारा निर्देशित पप्पू गमतिहा की प्रस्तुति श्रद्धालुओं का मनोरंजन करेगी, वहीं भिलाई के प्रसिद्ध गायक अंकित तिवारी भजनों की प्रस्तुति से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध करेंगे। महोत्सव के अंतिम दिन 4 दिसंबर को आम भंडारा का आयोजन किया गया है। महाप्रसाद ग्रहण करने हजारों श्रद्धालु जुटते हैं। सार्वजनिक श्री साई महोत्सव समिति, साई मंदिर सिविल लाइन कसारीडीह के अध्यक्ष श्रीकांत समर्थ और सचिव धनेंद्र सिंह चंदेल ने बताया कि तीन दिवसीय महोत्सव की शुरुआत 2 दिसंबर को सुबह 7 बजे साई बाबा के महाअभिषेक और आरती से होगी। दोपहर 12 बजे आरती व प्रसाद वितरण, 12.30 बजे नवनिर्मित श्रीसाई द्वार और श्रीराम द्वार का लोकार्पण, 12.45 बजे साई लीलामृत पठन, 1.30 बजे श्री सत्य साई भजन मंडली की प्रस्तुति, दोपहर 2 बजे मेहंदी व ड्राइंग प्रतियोगिता, शाम 6.30 बजे आरती व प्रसाद वितरण, 7.30 बजे पप्पू गमतिहा की प्रस्तुति होगी। 3 दिसंबर को दोपहर 2 बजे रंगोली व पूजा की थाली सजाओ स्पर्धा, शाम 6.30 बजे सामूहिक आरती, 7.30 बजे गायक अंकित तिवारी की प्रस्तुति होगी। अंतिम दिन 4 दिसंबर को दोपहर 1 से शाम 5 बजे तक भंडारा होगा। शाम 7 बजे श्री साई बाबा की पालकी शोभायात्रा और रात 9 बजे शेज आरती के बाद महोत्सव का समापन होगा। आयोजन की तैयारी की जा रही है।


