जोधपुर की भगत की कोठी थाना पुलिस ने दुष्कर्म के एक मामले में लंबे समय से फरार चल रहे 5,000 रुपए के ईनामी शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की तलाश में पुलिस टीम ने महाराष्ट्र, उत्तराखंड, दिल्ली, राजस्थान और गुजरात सहित कई राज्यों में करीब 2000 किलोमीटर तक पीछा किया। थानाधिकारी राजीव भादू ने बताया कि पीड़िता ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 9 नवंबर को आरोपी जयंतीलाल ने धोखाधड़ीपूर्वक अपनी पत्नी से मिलाने के बहाने होटल में ले जाकर उसके साथ मारपीट की तथा अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देकर जबरन दुष्कर्म किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान प्रारंभ किया गया। साइबर तकनीक का जानकार है आरोपी प्रकरण की संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए विशेष टीम गठित की गई। जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी साइबर तकनीक का जानकार और बेहद शातिर है। तकनीकी पहलुओं के विश्लेषण एवं साइबर इनपुट के आधार पर पुलिस ने आरोपी की लोकेशन ट्रेस की। सूचना मिलने पर टीम ने नैनीताल क्षेत्र से होने का पता चला। इसके बाद टीम पीछा कर पाली जिले के फालना तक लगातार प्रयास करते हुए ट्रेन से आरोपी जयन्तीलाल वगताराम चौधरी( 30 ) पुत्र वगताराम पटेल को दस्तयाब कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भिजवाया गया है।


