लुधियाना| शहर के मैरिज पैलेसों और रिसोर्ट में बढ़ती भीड़ और लगातार हो रही घटनाओं के बावजूद सुरक्षा इंतजामों की पोल खुल चुकी है। पक्खोवाल रोड के महंगे बाथ कैसल रिसोर्ट में शनिवार रात शादी समारोह के बीच हुई गोलीबारी ने पूरे शहर को हिलाकर रख दिया, लेकिन उसके 24 घंटे बाद भी किसी भी मैरिज पैलेस, होटल या रिसोर्ट में सुरक्षा बढ़ाने की कोशिश तक नहीं की गई। रविवार को फिरोजपुर रोड, पक्खोवाल रोड, हंबड़ा रोड, चंडीगढ़ रोड और दिल्ली रोड स्थित सभी बड़े रिसोर्ट फुल बुक थे। हजारों लोग दिन-रात सज धजकर शादियों में शामिल होने पहुंच रहे थे, लेकिन किसी भी गेट पर बॉडी स्कैनर, हैंड हेल्ड डिटेक्टर या सिक्योरिटी स्टाफ तैनात नहीं दिखा। लोग खुलेआम हथियार लेकर घूमते देखे गए, बल्कि कई युवकों को स्टेज पर असलहे के साथ डांस करते भी देखा गया। रिसोर्ट मालिकों ने भी सुरक्षा को लेकर कोई व्यवस्था नहीं की। न चेकिंग मशीन, न बैग स्कैनिंग और न ही प्रशिक्षित गार्ड…यानी पूरे सिस्टम की लापरवाही साफ झलकती है। छोटी सी बहस का नतीजा : सीपी पुलिस कमिश्नर स्वप्न शर्मा ने कहा कि ये गैंगवार नहीं, बल्कि दो युवकों में छोटी-सी बहस का नतीजा था। पुलिस के मुताबिक, 20-25 के आसपास राउंड फायर हुए। वहीं चश्मदीदों के अनुसार मौके पर करीब 50 राउंड फायर हुए। तीन एफआईआर दर्ज की गईं 1. फायरिंग और हत्या के मामले में 2. दूल्हे के खिलाफ अपराधी प्रवृत्ति के लोगों को समारोह में बुलाने के मामले में 3. पैलेस प्रबंधन के खिलाफ सुरक्षा नियमों की उल्लंघना पर ऐसा लगा जैसे पटाखे बरस रहे मैं शादी समारोह में प्लेट उठा रहा था। अचानक एक तेज पटाखे जैसी आवाज आई। लेकिन, कुछ ही सेकंड में आवाज़ें इतनी तेज़ और लगातार हुईं कि समझ आ गया कि ये गोलियों की आवाज है। लोग दहशत में इधर-उधर भाग रहे थे। मेरी आंखों के सामने वासू के पेट और नीरू के सिर पर गोली लगी। फायरिंग इतनी भयंकर थी कि ऐसा लग रहा था जैसे मैदान में पटाखों की बारिश हो रही हो। मंत्री, गार्ड और सभी लोग भागे। पुलिस पहुंचती उससे पहले लोग गोलियों के खोल तक उठा ले गए।-जैसा शादी में प्लेट उठाने वाले सूरज ने बताया दो निर्दोषों की मौत, घरों में मातम इस फायरिंग में दूल्हे का दोस्त वासू चोपड़ा (35) और उसकी रिश्तेदार नीरू छाबड़ा (36) की मौत हो गई। वासू शिवपुरी का रहने वाला था और अपने परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था। वह अपनी डेढ़ साल की बेटी और ढाई साल के बेटे का सहारा था-अब दोनों अपने पिता को खो चुके हैं। नीरू जालंधर की रहने वाली थीं। उनके 18 वर्ष के बेटे और 14 वर्ष की बेटी को अब अपनी मां के बिना जीवन बिताना होगा। शादी की खुशियाँ दो परिवारों के लिए हमेशा के लिए शोक में बदल गईं। ये है लापरवाही पक्खोवाल रोड स्थित बाथ कैसल पैलेस में शनिवार देर रात शादी समारोह के दौरान दो गुटों के बीच हुए विवाद ने कुछ ही मिनटों में खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। समारोह में चली गोलियों में एक महिला नीरू छाबड़ा(55) व दूल्हे के दोस्त वासू चोपड़ा (35) की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति घायल हुआ। थाना सदर पुलिस ने तीन अलग-अलग एफआईआर दर्ज कर दी हैं। दूल्हे वीरेंद्र कपूर, अंकुर, जसवीर, रूबल प्रधान, शुभम मोटा और युवराज सहित छह लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं बाथ कैसल को सील कर दिया गया है। जानकारी के अनुसार ठेकेदार वीरेंद्र कपूर की शादी में अंकुर ग्रुप और शुभम मोटा ग्रुप दोनों को आमंत्रित किया गया था। दोनों ग्रुपों के बीच पहले से पुरानी रंजिश थी। समारोह में दोनों पक्ष जतिंदर कुमार डावर के पास आमने-सामने बैठे और बातचीत के दौरान बहस शुरू हो गई। कुछ ही मिनटों में यह बहस हाथापाई में बदल गई। फायरिंग के दौरान बिजनेसमैन जेके डावर भी हाथ में गोली लगने से जख्मी हो गए। दोनों पक्षों की आपसी रंजिश और शराब के नशे ने माहौल को और बिगाड़ दिया। गवाहों के अनुसार, झगड़ा तेजी से हिंसक रूप में बदल गया कि देखते ही देखते दोनों तरफ से गोलियां चलने लगीं। गौर हो कि शहर में शादी समारोह में आर्म्स ले जाने पर बैन लगा हुआ है। इसके बाद भी मैरिज पैलेसों में लोग हथियार लेकर पहुंच रहे हैं। इतना ही नहीं मैरिज पैलेसों में मेटल डिक्टेक्टर भी नहीं लगाए गए हैं। वारदात के अगले दिन शहर के तमाम मैरिज पैलेसों में विवाह समारोह होते रहे लेकिन किसी में भी सुरक्षा व्यवस्था नहीं थी।


