बैंस ने टोल मुलाजिमों को किनारे कर 15 मिनट तक वाहनों को फ्री निकाला

लुधियाना| लाडोवाल टोल प्लाजा पर रविवार शाम भारी जाम लगने के बाद पूर्व विधायक और कांग्रेस नेता सिमरजीत सिंह बैंस टोल पर पहुंच गए और टोल कर्मचारियों को किनारे कर वाहनों को फ्री में निकालना शुरू कर दिया। बैंस के आने से पहले टोल कटने में देरी होने के कारण जाम इतना बढ़ गया था कि फ्लाईओवर से लेकर पीछे गोराया तक गाड़ियां फंस गई थीं। बैंस जालंधर से किसी कार्यक्रम में शामिल होकर लौट रहे थे। जैसे ही उनकी गाड़ी लाडोवाल टोल पर रुकी और जाम देखा, वे गाड़ी से उतरकर कर्मचारियों पर नाराज़ हो गए। उन्होंने टोल प्रबंधन को फटकार लगाते हुए कहा कि जब वाहन चालक तीन मिनट से ज़्यादा जाम में फंसे हों, तो उनसे टोल वसूल नहीं किया जा सकता। बैंस ने कहा कि अगर टोल पर लगे तीन मिनट के नियम का पालन नहीं कर सकते, तो जनता को परेशान करने का हक नहीं है। ट्रैफिक को खोलने के लिए तुरंत फास्ट टैग कटवाओ या टोल खोलो। इसके बाद बैंस और उनके समर्थकों ने सीधे टोल बैरियर उठवाकर गाड़ियों को फ्री निकालना शुरू कर दिया। करीब 15 मिनट तक लगातार वाहनों की लाइन बिना टोल दिए निकलती रही।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *