एक रात में 8 दुकानों में चोरी, पसंद के कपड़े चुराए

दुगरी इलाके में तड़के करीब 3 बजे गुरु राम दास मार्केट में चोरों ने 50 मिनट में एक साथ 8 दुकानों के शटर तोड़ दिए। सीसीटीवी फुटेज में काले रंग की कार में आए दो आरोपी साफ दिखाई दिए। दोनों ने अपने चेहरे ढके हुए थे और बड़ी आसानी से लाखों रुपये का सामान उठाकर फरार हो गए। दुकानदारों ने तुरंत थाना दुगरी को शिकायत दी। आरोप है कि न कोई पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचा और न ही किसी तरह की कार्रवाई की गई। विक्रमजीत सिंह ने बताया कि उनकी दुकान में चौथी बार चोरी हुई है। हर बार एसी की वायर और कम्प्रेसर चोरी हो जाते हैं, लेकिन पुलिस ने अब तक एक भी कार्रवाई नहीं की। स्वर्णजीत सिंह ने बताया कि उनकी और आस-पास की दुकानों के शटर टूटी हालत में मिले। वहीं दुकानदार रिम्पी ने बताया कि उन्हें सुबह 3:50 बजे एक राहगीर ने फोन करके बताया कि उनकी दुकान में चोरी हो रही है। जब वह गुरु ज्ञान विहार से भागते हुए पहुंचे, तो देखा शटर टूटा हुआ, सामान बिखरा पड़ा और करीब 1.50 लाख का माल गायब था। रिम्पी ने कहा कि सीसीटीवी में स्पष्ट दिख रहा है कि दो चोर कपड़े पहन-पहन कर देखते रहे और पसंद किया हुआ माल कार में डालकर चलते बने। इसके अलावा साथ की दुकानों का सामान भी चोरी कर लिया गया। थाना दुगरी के पुलिस मुलाजिम सुखदेव राज ने कहा कि उनकी ड्यूटी स्कूल में लगी है, फ्री होंगे तो देखेंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *