डूंगरपुर में दूल्हे से मारपीट के मामले में पुलिस ने दुल्हन के भाई को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने पुराने विवाद के चलते अपने होने वाले जीजा के साथ मारपीट की थी, जिससे दूल्हा बेहोश हो गया था। यह घटना बलवाड़ा गांव में बारात आने के दौरान हुई। कोतवाली थाना पुलिस के अनुसार, उदयपुर जिले के पाटिया बलिचा से विजेश अपनी बारात लेकर डूंगरपुर जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के बलवाड़ा गांव पहुंचा था। बारात को एक घर में ठहराया गया था। इसी दौरान दुल्हन का भाई देवीलाल आया और दूल्हे को एक कमरे में ले गया। कमरे में ले जाकर देवीलाल ने दूल्हे विजेश के साथ जमकर मारपीट की। इस मारपीट के कारण दूल्हा विजेश बेहोश हो गया। घटना के बाद बिना शादी के ही बारात लौट गई थी और दूल्हे पक्ष ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज करते हुए शनिवार को आरोपी देवीलाल को गिरफ्तार कर लिया। कोतवाली थाने के सीआई शैलेन्द्र सिंह ने बताया कि पूछताछ में देवीलाल ने बताया कि दूल्हा और दुल्हन पहले प्रेमी-प्रेमिका थे, जिसको लेकर उनके बीच विवाद हुआ था। बाद में दोनों पक्षों में सुलह के बाद शादी तय हुई थी। आरोपी ने स्वीकार किया कि शुक्रवार को उसने पुराने विवाद के चलते ही दूल्हे के साथ मारपीट की थी।


