भरतपुर जिले के रूपवास थाना इलाके की विनायक कॉलोनी के लोगों ने दूषित पानी में खड़े होकर प्रदर्शन किया। स्थानीय लोगों का कहना है कि कॉलोनी चंबल प्लांट से सटी हुई है। जिसके कारण कॉलोनी में चंबल प्लांट का दूषित पानी जमा रहता है। इसके अलावा बारिश का पानी और घरों से निकलने वाला पानी भी सड़कों पर 12 महीने जमा रहता है। इसका सबसे बड़ा कारण है। कॉलोनी में नालियां नहीं होना। जब भी अधिकारियों से इसकी शिकायत की जाती है तो, वह एक दूसरे की जिम्मेदारी बताकर अपना पलड़ा झाड़ लेते हैं। राम प्रकाश निवासी विनायक कॉलोनी ने बताया कि कॉलोनी की सड़कों पर घुटनों-घुटनों तक गंदा पानी जमा है। जिसमें से कॉलोनी के लोगों को निकालना पड़ता है। बच्चे स्कूल जाते हैं तो, उनकी ड्रेस खराब हो जाती है। पूरी कॉलोनी में नाली नहीं है। जिसके कारण कॉलोनी में चंबल प्लांट से निकला दूषित पानी, बारिश का पानी और घरों से निकला गंदा पानी सड़कों पर जमा रहता है। गंदा पानी भरा होने के कारण कॉलोनी के लोगों को आवागमन में काफी परेशानी रहती है। इसके बारे में कई बार नगर पालिका, तहसीलदार को शिकायत की गई लेकिन, समस्या का समाधान नहीं हो सका। कॉलोनी की हालत इतनी खराब है कि एक रास्ता तो, पूरी तरह से बंद पड़ा है। जब भी स्थानीय लोग शिकायत करने के लिए जाते हैं तो, नगर पालिका के अधिकारी चंबल प्लांट से निकलने वाला पानी कॉलोनी में जमा होना बताते हैं। जब प्लांट के अधिकारियों से बात की जाती है तो, वह बारिश का पानी और घरों से निकलने वाला पानी जमा होना बताते हैं। सभी अधिकारी एक दूसरे के विभागों की जिम्मेदारियां बताकर साइड हो जाते हैं लेकिन, समस्या का समाधान नहीं होता। इनपुट- दुर्गेश पाठक, रूपवास, भरतपुर


