भास्कर न्यूज | लुधियाना स्व. जगबीर सिंह ग्रेवाल को समर्पित आर्यन कप हॉकी टूर्नामेंट के पहले सेमीफाइनल में हेरां ने अटियाना को 6-2 से हराया, जबकि दूसरे सेमीफाइनल मैच में बहुत ही रोमांचक मुकाबला देखने को मिला। इसमें किला रायपुर और रामपुर के बीच मुकाबला 1-1 की बराबरी पर समाप्त हुआ। इसके बाद पेनल्टी शूटआउट का दौर चालू हुआ। इसमें भी नहीं लग रहा था कि कौन से टीम जीतेगी, लेकिन आखिरी शूटआउट में किला रायपुर की टीम ने गोल दागकर फाइनल में जगह बना ली। किला रायपुर ने पेनल्टी शूटआउट में 5-4 से जीत हासिल की। इस मैच के दौरान हॉकी लुधियाना के महासचिव अजयपाल सिंह पुनिया ने मैच के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी को पुरस्कार देकर उनका सम्मान किया। टूर्नामेंट के अगले दिन रविवार को रामपुर और अटियाना के बीच हार्डलाइन मैच सुबह 11 बजे खेला जाएगा, जबकि टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला किला रायपुर और हेरां की टीमों के बीच दोपहर 1:30 बजे होगा। दूसरे सेमीफाइनल में किला रायपुर और रामपुर के बीच रोमांचक मुकाबला हुआ। पहले हाफ में रामपुर की टीम ने जसकरण सिंह के गोल से 1-0 की बढ़त बनाई। लेकिन किला रायपुर ने 38वें मिनट में जोबनप्रीत सिंह के गोल से स्कोर बराबर कर दिया। मैच के बाद दोनों टीमों के बीच पेनल्टी शूटआउट कराया गया। रामपुर के लिए गुरजोत सिंह, जसकरन सिंह, हर्षप्रीत सिंह, लवप्रीत सिंह और अनमोलदीप सिंह ने पेनल्टी स्ट्रोक लिया, जिसमें से सिर्फ हर्षप्रीत सिंह और अनमोलदीप सिंह गोल कर सके। किला रायपुर के लिए गुरविजय सिंह, कसमप्रीत सिंह, राजवीर सिंह, कृष्ण कुमार और अमनिंदर सिंह ने पेनल्टी स्ट्रोक लिया, जिसमें से कसमप्रीत सिंह और राजवीर सिंह गोल कर पाए। पहले राउंड के बाद स्कोर 3-3 की बराबरी पर था। फिर रामपुर के अनमोलदीप सिंह ने गोल किया और किला रायपुर के राजवीर सिंह और गुरविजय सिंह ने गोल कर किला रायपुर को 5-4 से विजयी घोषित किया।


