राजस्थान में भजनलाल सरकार की दूसरी वर्षगांठ पर उदयपुर में प्रभारी मंत्री हेमंत मीणा मीडिया से मुखातिब हुए। मीणा ने इस दौरान राजस्थान में दो सालों में हुए विकास कार्यों को लेकर अपनी बात रखी। इस दौरान उन्होंने खाद को लेकर चल रही कालाबाजारी को सिरे से खारिज किया। उन्होंने कहा कि एक साथ डिमांड बढ़ने से व्यवस्था बिगड़ी है और अब जल्द सुधार हो जाएगा। मीणा ने कांग्रेस नेता पवन खेड़ा के बयान पर कहा कि कांग्रेस हमारा विरोध करते करते अब देश का विरोध करने लग गई है। जो पार्टी एक समय पूरे देश में छाते की तरह छाई हुई थी। जनता के मुद्दों पर काम नहीं करने से उनकी स्थिति दयनीय हो गई है। इस मौके पर राजस्व मंत्री हेमंत मीणा ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अपनी सरकार के 2 साल में हर वर्ग को पूरा ध्यान रखा। विकास को प्राथमिकता बनाकर उन्होंने गांव-गांव तक पहुंचने में कोई कमी नहीं रखी है। मंत्री मीणा ने उदयपुर संभाग में हुए विकास कार्यो के आंकडे भी पेश किए। उन्होंने कहा कि आगामी बजट में उदयपुर और सलूंबर जिले की कई मांगे भी पूरी होगी। इस मौके पर राज्यसभा सांसद चुन्नीलाल गरासिया, विधायक फूलसिंह मीणा, उदयलाल डांगी शहर जिलाध्यक्ष गजपालसिंह राठौड़ समेत पार्टी नेता मौजूद रहे।


