अलवर में मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने कहा कि पहले वे भी कई बार अंधे मुद्दे उठा दिया करते थे। हनुमानगढ़ के टिब्बी राठीखेड़ा में हुई किसान हिंसा को लेकर उन्होंने कहा कि विपक्ष किसानों को उकसा रहा है। किरोड़ी बोले- वर्ष 2022 का एमओयू है। करीब 500 करोड़ रुपये का यह प्रोजेक्ट एशिया का सबसे बड़ा प्रोजेक्ट है। किसानों को इस बात की दिक्कत है कि गंदा पानी आएगा, फसल खराब होगी और प्रदूषण होगा। उन्होंने कहा कि किसानों की बात पूरी तरह गलत भी नहीं है। लेकिन वहां एसटीपी प्लांट लगाए जाएंगे, इसलिए प्रदूषण की संभावना नहीं है। अब तक हमने देखा है कि भिवाड़ी, बालोतरा और जोधपुर में एसटीपी नहीं होने के कारण ही प्रदूषित पानी छोड़ा जा रहा है। इसी वजह से किसानों का एप्रिशिएशन गलत नहीं है। पिछली सरकार में यह कमी रही कि किसानों को विश्वास में लेकर भूमि पूजन किया जाना चाहिए था। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जो भी प्रतिपक्ष में होता है, उसे आंदोलन का अधिकार है। लेकिन जब अधिकार है तो गांधीवादी तरीके से होना चाहिए। यदि हिंसा होगी तो देश में कानून का राज है और मुकदमे तो लगेंगे। उन्होंने कहा कि मुझ पर भी 138 मुकदमे लगे हुए हैं। डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने कहा कि गहलोत साहब, सचिन पायलट और डोटासरा ने बयान दिए हैं। जिस प्रोजेक्ट को पब्लिक इंटरेस्ट में आप लोग लेकर आए, उसी पर अब जनता को भड़काया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बड़े-बड़े नेता ही किसानों को उकसा रहे हैं, जो गलत है। हमारी सरकार किसानों को समझाएगी और कांग्रेस के बड़े नेताओं से भी अपील करता हूं कि वे अपने किसानों को समझाएं। जब दोनों पक्ष समझाने में लगेंगे तो किसान मानेंगे। उन्होंने कहा कि किसानों के दिमाग में उल्टा भ्रम बैठाया जा रहा है, उन्हें उत्तेजित किया जा रहा है और हिंसा के लिए उतारा जा रहा है। ऐसा नहीं होना चाहिए। डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने हनुमानगढ़ के किसानों से अलवर से निवेदन करते हुए कहा कि संवाद से ही रास्ता निकलेगा। आप प्रतिनिधिमंडल के साथ जयपुर आइए, मैं मुख्यमंत्री जी से बैठाकर बड़े अधिकारियों के साथ आपकी शंकाएं दूर कराऊंगा। यदि वे चाहें तो सरकार वहां जाकर भी उनसे बात करेगी, लेकिन लॉ एंड ऑर्डर बिगड़ने नहीं दिया जाएगा। वहीं, किरोड़ी लाल मीणा ने सरिस्का में बने होटलों को लेकर दो बार मुकदमे दर्ज करवाने के मामले में कहा कि वे भी कई बार अंधे मुद्दे उठा देते थे। जब मुद्दा उठाया गया, तब पूरा ज्ञान नहीं था। मंत्री किरोड़ी लाल मीणा ने सरकार के दो साल पूरे होने पर अलवर के प्रताप ऑडिटोरियम में सरकार के काम गिनाए। उन्होंने कहा कि पिछली सरकार के समय बार-बार पेपर लीक हुए, लेकिन हमारी सरकार को दो साल हो गए और एक भी पेपर लीक नहीं होने दिया गया। उन्होंने यह भी कहा कि सिलीसेढ़ का पानी अलवर लाने के लिए मुख्यमंत्री से बात हो चुकी है और वन मंत्री ने भी इस पर सहमति दी है।


