प्रतापगढ़ जिला पुलिस ने “ऑपरेशन चक्रव्यूह” के तहत बड़ी कार्रवाई की है। सुहागपुरा थाना पुलिस ने 167.02 ग्राम एमडी (मेफेड्रोन) और 79,000 रुपए नकद जब्त किए हैं। इस कार्रवाई में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जिसकी पहचान रामलाल मीणा के रूप में हुई है। जब्त एमडी की अनुमानित कीमत 5 लाख रुपए बताई जा रही है। पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेंद्रसिंह जोधा और पुलिस उप अधीक्षक सुनील कुमार जाखड़ के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। थानाधिकारी मनीष वैष्णव के नेतृत्व में टीम ने 12 दिसंबर को थाने के सामने नाकाबंदी की थी। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक आते हुए दिखाई दिए। नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने मोटरसाइकिल सवार युवकों को रोकने का प्रयास किया। इनमें से एक युवक रामलाल (21), निवासी खोरा, पुलिस थाना अरनोद, जिला प्रतापगढ़ को पकड़ लिया गया। उसके कब्जे से 167.02 ग्राम अवैध एमडी और मोटरसाइकिल (आरजे 35 एसएस 5005) जब्त की गई। दूसरा युवक अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। भागते समय उसने पीले रंग की एक थैली जमीन पर फेंक दी थी। पुलिस ने थैली की जांच की तो उसमें 79,000 रुपए नकद मिले, जिन्हें बतौर सबूत जब्त कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी रामलाल के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है। फरार हुए दूसरे आरोपी की तलाश की जा रही है।


