भास्कर न्यूज|लुधियाना गुरु गोबिंद सिंह जी के 4 साहिबजादों की शहादत को समर्पित फतेहगढ़ साहिब में समागम करवाए जा रहे है। इसके लिए लुधियाना सहित जगराओं, माछीवाड़ा साहिब व अन्य जिलों से हजारों की संख्या में संगत का जत्था जाता है। जो संगत व जत्था लुधियाना से होकर फतेहगढ़ साहिब के लिए गुजरता है उनके लिए हर साल की तरह एक विशेष सेवा का आयोजन किया जा रहा है। इसमें 21 से 28 दिसंबर तक फतेहगढ़ दर्शन करने के लिए जाने वाली संगत को फ्री कार मरम्मत सेवा कैंप लगाया जाएगा। ताकि रात को समय राहगीरों को आने वाली परेशानी से राहत मिल सके। यह सेवा दुगरी रोड पर लगाई जाएगी। इसके साथ ही हर जगह पर नंबर भी डिस्पले कर दिए गए है। चमकौर साहिब में गुरुद्वारा कत्लगढ़ साहिब, माछीवाड़ा के गुरुद्वारा श्री चरन कंवल साहिब, गुरुद्वारा श्री फतेहगढ़ साहिब के दीवान टोडरमल हॉल, गुरुद्वारा श्री ज्योति सरुप साहिब में समागम शुरु हो चुके है। हरमन सिंह और ईशजोत सिंह ने बताया कि वह 2019 में फतेहगढ़ साहिब में आयोजित समागम में गए थे। वापसी के दौरान रास्ते में उन्हें संगत मिली, जिनकी गाड़ी खराब हो गई थी। राहगीर उनके पास से गुजर रहे थे परंतु किसी ने भी रोक कर उनकी मदद नहीं की। उस समय उन्होंने उनकी मदद की। तब उन्होंने विचार किया कि हर साल फतेहगढ़ साहिब में आयोजित समागम में जाने वाली संगत की गाड़ियां खराब होती है, परंतु मैकेनिक न मिलने पर वह रात भर परेशान रहते है। क्यों न संगत की मदद के लिए फ्री कार सेवा शुरू की जाए। जिसके बाद 2020 में दोनों ने मिलकर सेवा शुरू करने का निर्णय लिया था। तब से लगातार वे इस सेवा में लगे हुए हैं और अब तक 100 से अधिक संगत की मदद कर चुके है। उन्होंने बताया कि दुगरी नहर के पास शाम को 6 बजे से लेकर रात 12 बजे तक वह 21 दिसंबर से 28 दिसंबर तक फ्री कार सेवा लंगर लगाएंगे। कार में आवश्यक पार्ट्स का सामान रखा गया है जिसमें बैट्री, फ्यूज, पंचर, एक्स्ट्रा पेट्रोल व डीजल व अन्य जरूरत का सामान रखा गया है। संगत को अगर किसी कार की समस्या होती है, तो वे तुरंत उनकी मदद के लिए पहुंच जाते हैं। हरमन सिंह ने यह भी स्पष्ट किया कि वे केवल उन संगत की सेवा करते हैं, जो फतेहगढ़ साहिब दर्शन के लिए जा रहे होते हैं। यदि कोई अन्य राहगीर उनसे मदद मांगता है, तो उनकी फ्री सेवा नहीं की जाती। उनका कहना था कि गुरु गोबिंद सिंह जी ने अपने चार बेटों की शहादत दी थी। इसलिए उनका फ्री सेवा का काम इस समर्पण का एक भाग है। इसके अलावा, इस सेवा के साथ-साथ रात को गर्म दूध का लंगर भी लगाया जाएगा। जोकि अपनी कमाई का दसवां हिस्सा जोड़कर लगाया जाता है।


