दूसरे दिन समाधान शिविरों में लोगों ने किया आवेदन

भास्कर न्यूज | नारायणपुर प्रदेश में सुशासन की स्थापना सुनिश्चित करने हेतु प्रत्येक स्तर पर शासकीय कामकाज में पारदर्शिता लाने एवं शासकीय योजनाओं और कार्यक्रमों का प्रभावी क्रियान्वयन करने के लिए शुरू किए गए सुशासन तिहार के प्रति जिलेवासियों एवं आवेदकों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। सुशासन तिहार के दूसरे दिन ग्राम पंचायतों में बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर अपनी मांगों एवं समस्याओं के निराकरण के लिए आवेदन प्रस्तुत किया। सुशासन तिहार के दूसरे दिन ओरछा एवं नारायणपुर ब्लाक के सभी ग्राम पंचायतों में समाधान पेटी लगाई है, जिसमें ग्रामीणों के द्वारा अपनी शिकायत एवं मांग संबंधी आवेदन समाधान पेटी में जमा किया गया। सुशासन तिहार के अवसर पर अपर कलेक्टर एवं सुशासन तिहार के नोडल अधिकारी बीरेंद्र बहादुर पंचभाई के द्वारा नगरपालिका के वार्डों में लगाई गई समाधान पेटियों में डाले जा रहे आवेदनों का अवलोकन किया। इसी प्रकार सुशासन तिहार के अवसर पर एसडीएम गौतमचंद पाटिल के द्वारा अपने अनुभाग क्षेत्र में निरीक्षण किया गया। ग्राम पंचायत बेलगांव, देवगांव, गौरदंड, फरसगांव, कापसी, सुलेंगा धौड़ाई, कुढ़ारगांव आदि सभी ग्राम पंचायतोें में लगाए गए शिविरों के समाधान पेटियों में आवेदन जमा किया जा रहा है। सुशासन तिहार में लगे कर्मचारियों ने बताया कि नारायणपुर ब्लाक के 76 ग्राम पंचायतों में 08 अप्रैल को 314 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिसमें ग्राम पंचायत फरसगांव में सबसे अधिक आवेदन प्राप्त हुए। इसी प्रकार ग्राम पंचायत केरलापाल में 27, बिंजली में 14, एड़का में 25, हलामीमुंजमेटा में 13, राजपुर में 20, भरण्डा में 32, नेलवाड़ में 17 और कापसी में 10 आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं ने अधिकारी-कर्मचारियों को प्राप्त आवेदनों का भली-भाँति परीक्षण कर आगे की प्रक्रिया सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। इस दौरान अपर कलेक्टर ने उपस्थित जन प्रतिनिधियों एवं आम नागरिकों से सुशासन तिहार की व्यवस्थाओं के संबंध में भी जानकारी ली। राज्य शासन के निर्देशानुसार जिले के सभी ग्राम पंचायत कार्यालयों के अलावा आवश्यकतानुसार हाट बाजारों में आम जनता से आवेदन प्राप्त करने के लिए स्थान निर्धारित की गई है। जहां पर अधिकारी-कर्मचारियों की ड्यूटी लगाकर समाधान पेटी एवं आवेदकों के लिए आवेदनों की भी समुचित व्यवस्था की गई है। इसके अलावा जिला कार्यालय के साथ-साथ जिले के सभी ब्लाक मुख्यालयों के जनपद पंचायत एवं तहसील कार्यालयों में भी आवेदन प्राप्त करने के लिए समाधान पेटी लगाई गई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *