भास्कर न्यूज | लुधियाना बसंत रोड स्थित श्री राम पार्क के श्री राम शरणम् आश्रम में आयोजित साप्ताहिक सत्संग के दौरान संत अश्वनी बेदी महाराज ने भक्ति और विश्वास पर प्रवचन दिए। उन्होंने कहा कि आज के दौर में लोग अपनी हर बुराई और विफलता का ठीकरा कलियुग के सिर फोड़ देते हैं। जबकि वास्तविकता यह है कि व्यक्ति के भीतर शुद्ध भावनाओं और अटूट श्रद्धा का अभाव हो गया है। स्वामी सत्यानंद महाराज के वचनों का स्मरण कराते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि राम नाम का मंत्र केवल कागज पर लिखी स्याही नहीं, बल्कि साक्षात चैतन्य शक्ति है जो शक्ति धाम से अवतरित हुई है। उन्होंने कहा कि मंत्र देवताओं की काया है। जो लोग तर्क-वितर्क में उलझे रहते हैं, वह अध्यात्म के वास्तविक आनंद से वंचित रह जाते हैं। आध्यात्मिक पथ पर चलने वालों को बाहरी तर्कों से विचलित होने के बजाय अपने भीतर के विश्वास को सुदृढ़ करना चाहिए। उन्होंने कहा कि दृढ़ निश्चय के साथ राम नाम की अराधना जीवन में निश्चित ही सफलता के द्वार खोलती है। कार्यक्रम में सुदर्शन जैन, सुमन जैन, शिखा जैन, मंजू गुप्ता, मधु बजाज, रामेश्वर गुप्ता, राज गुप्ता, शशि गुप्ता, बृजेश गुप्ता, गुलाब राय, श्रेय गुप्ता और शत्रुगण नंदा मौजूद रहे।


