देर रात पोल से टकराई कार, 2 की मौत:भिलाई में गर्लफ्रेंड-बॉयफ्रेंड कार में घूमने निकले थे; मोड़ के पास बिगड़ा बैलेंस

दुर्ग जिले के भिलाई में सड़क हादसे में 2 लोगों की मौत हो गई। सोमवार सुबह 4 बजे गर्लफ्रेंड बॉयफ्रेंड कार में घूम रहे थे तभी उनकी गाड़ी पोल से जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि मौके पर ही दोनों ने दम तोड़ दिया। मामला स्मृति नगर चौकी क्षेत्र का है। अवंतीबाई चौक से कुरुद जाने वाली रोड में ये हादसा हुआ। दोनों की पहचान नंदिनी रोड छावनी निवासी आलोक साहू (28) और भिलाई नगर निवासी पूजा प्रसाद (27) के तौर पर हुई है। स्थानीय लोगों की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को मर्चुरी में रखवा दिया है। आज उनका पोस्टमार्टम होगा। पुलिस के मुताबिक, तेज रफ्तार के कारण मोड़ में बैलेंस बिगड़ने से ये हादसा हुआ है। हादसे में कार के सामने वाला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। तेज रफ्तार से मोड़ पर हुआ हादसा चौकी प्रभारी गुरविंदर संधू ने बताया कि हादसा सोमवार सुबह करीब तीन से चार बजे के बीच हुई है। आलोक कार चला रहा था। बगल से पूजा प्रसाद बैठी थी। वो लोग कुरुद से मॉल रोड की तरफ जा रहे थे। जैसे ही वो लोग अवंतीबाई चौक से कुरुद जाने वाली रोड के लिए मुड़े कार की रफ्तार अधिक होने से कार सड़क के बीच में लगे पोल से जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि इसमें दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने मामले की सूचना डायल 112 को दी। इसके बाद स्मृति नगर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने 108 एम्बुलेंस को बुलाया और दोनों घायलों को लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल सुपेला भिजवाया। सुपेला अस्पताल में डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद उनके शव को वहीं मर्चुरी में रखवा दिया गया है। दोनों का पोस्टमार्टम कुछ घंटे बाद किया जाएगा। इधर दुर्घटना को बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्मृति नगर पुलिस कार को जब्त कर मामले की जांच कर रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *